Samachar Nama
×

Gandhi Jayanti 2026: राजघाट पर PM मोदी समेत कई नेताओं ने दी बापू को श्रद्धांजलि, शास्त्री जयंती भी आज

Gandhi Jayanti 2026: राजघाट पर PM मोदी समेत कई नेताओं ने दी बापू को श्रद्धांजलि, शास्त्री जयंती भी आज

देशभर में आज 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर नई दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी समाधि पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत कई नेताओं ने भी बापू को नमन किया।

राहुल गांधी ने भी राजघाट पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शुक्रवार को राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी राजघाट पहुंचकर बापू को नमन किया। दोनों नेताओं ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया।

राहुल गांधी ने पिछले साल गांधी जयंती के मौके पर देश से बाहर होने के कारण राजघाट पहुंचकर श्रद्धांजलि नहीं दी थी। इस बार उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

PM मोदी ने शास्त्री जी को भी किया नमन

2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के साथ देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती मनाई जाती है। लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था। इस साल उनकी 122वीं जयंती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय घाट पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी विजय घाट जाकर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया।

गांधी जयंती पर स्वदेशी और खादी का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी जयंती के मौके पर महात्मा गांधी के स्वदेशी और खादी के संदेश को याद किया। उन्होंने लोगों से 2 अक्टूबर को कम से कम एक खादी उत्पाद खरीदने और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।

महात्मा गांधी की जयंती को देश में स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जोड़ा जाता है। इस मौके पर देशभर में कई स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं।

30 दिन का स्वच्छता अभियान

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने स्वच्छता अभियान में नागरिकों की भागीदारी का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, नालियों और जलस्रोतों में कचरा नहीं डालने तथा आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने की अपील की। 1 अक्टूबर को उन्होंने नई दिल्ली के यशवंत प्लेस मार्केट में स्वच्छता अभियान में भी हिस्सा लिया।

गांधी जयंती के मौके पर शुरू होने वाले स्वच्छता अभियानों में सरकारी और निजी संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, NGOs तथा आम नागरिकों की भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय रोजमर्रा की आदत का हिस्सा बनाना है।

Share this story

Tags