Samachar Nama
×

‘गलत काम का अंजाम भी भुगतना पड़ेगा', लालू यादव पर बरसे भाजपा नेता

‘गलत काम का अंजाम भी भुगतना पड़ेगा', लालू यादव पर बरसे भाजपा नेता

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में अब 30 अक्टूबर को सुनवाई होगी। इस मामले में शनिवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पेश हुए। हालांकि, सुनवाई टल गई। इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने लालू यादव और उनके परिवार पर निशाना साधा। भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि गलत काम का अंजाम भी भुगतना पड़ता है।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जो गलत करेगा, उसे सजा भुगतनी होगी। लालू यादव और उनके परिवार की चाल, चरित्र और चेहरा सभी जानते हैं। कोर्ट द्वारा कई मामलों में आरोप तय किए गए हैं, कई बार जेल भी जाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि घोटालों का आरोप भाजपा का नहीं है और न ही भाजपा फैसला सुनाती है। कोर्ट में न्याय होता है। किसी को ठगा गया है तो हर चीज का जवाब देना होगा।

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए तिवारी ने कहा कि यह ठगबंधन है। ये लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं। देश की जनता का प्रधानमंत्री मोदी पर लगातार भरोसा बढ़ता जा रहा है। इसीलिए, विपक्ष चुनावी हार का ठीकरा ईवीएम और चुनाव आयुक्त पर फोड़ता है। जनता जानती है कि टीएमसी को हराने के लिए कांग्रेस पश्चिम बंगाल पहुंच गई थी।

मुंबई में सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर तिवारी ने कहा कि सीजेपी वाले दो महीने तक छात्रों के भविष्य के लिए प्रदर्शन कर रहे थे और उनकी कोई राजनीतिक मंशा नहीं थी। अब उनकी रुचि राजनीति की ओर बढ़ रही है। देश की जनता इन पर भरोसा नहीं करेगी क्योंकि उन्हें भी मालूम है कि प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि पहली बार भारत के इतिहास में हुआ कि बिना नोटिफिकेशन के नौकरियां दे दी गईं, बिना टेंडर के होटल मेंटेनेंस का काम दे दिया गया और उसके एवज में जमीनें लिखवा ली गईं। अपराध, भ्रष्टाचार, भय और परिवारवाद, राष्ट्रीय जनता दल का असल मतलब यही है।

आईआरसीटीसी घोटाला मामले में भाजपा के प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि यह 'ओपन एंड शट' केस है। अभी स्वास्थ्य कारणों से बाहर निकले हुए हैं, लेकिन यह भ्रष्टाचार की अंतिम सीमा है।

कैप्टन स्मित मच्छार को लेकर उन्होंने उनके हौसले को सलाम किया। उन्होंने कहा कि स्मित ने जो काम किया है, उससे 140 करोड़ देशवासी गौरवान्वित हैं। उन्होंने मानवता को बचाया है।

अजय आलोक ने आरोप लगाया कि इंडिया ब्लॉक की ओर से इस मामले में कोई बयान नहीं आया है।

सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर अजय आलोक ने कहा कि सीजेपी वाले क्या प्रदर्शन करेंगे? शाम तक तो भाग गए थे। अराजकतावादी लोग हैं। प्रदर्शन से कोई मतलब नहीं है। छात्रों की आवाज बनते-बनते मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा मांगने लगे हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story