Samachar Nama
×

गढ़चिरौली में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की दिखी अनूठी झलक

गढ़चिरौली में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की दिखी अनूठी झलक
गढ़चिरौली में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की दिखी अनूठी झलक

गढ़चिरौली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को गढ़चिरौली में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों और गढ़चिरौली के दूरदराज के गांवों से हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग शामिल होने पहुंचे हैं।

कार्यक्रम स्थल पर आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। विभिन्न आदिवासी समुदायों की ओर से अपने पारंपरिक रीति-रिवाजों, खान-पान, लोककला और आदिवासी देवी-देवताओं से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से आदिवासी समाज की वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस विशेष आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। जयंती समारोह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे। वहीं, कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम तथा महाराष्ट्र के आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

इसके साथ ही गढ़चिरौली में गोंडवाना विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल भी गढ़चिरौली पहुंचेंगे और विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। एक ही दिन जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन और विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के चलते गढ़चिरौली में रविवार को राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित यह जनजातीय गौरव कार्यक्रम आदिवासी समाज के इतिहास, संघर्ष, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। हजारों की संख्या में पहुंचे आदिवासी समुदाय के लोगों की भागीदारी से गढ़चिरौली में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags