Samachar Nama
×

फुटबॉल: भारत-पनामा के बीच फ्रेंडली मैच में बदलाव, जानिए अब किस दिन खेला जाएगा मुकाबला?

फुटबॉल: भारत-पनामा के बीच फ्रेंडली मैच में बदलाव, जानिए अब किस दिन खेला जाएगा मुकाबला?
फुटबॉल: भारत-पनामा के बीच फ्रेंडली मैच में बदलाव, जानिए अब किस दिन खेला जाएगा मुकाबला?

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। भारत और पनामा के बीच पुरुषों के इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच की तारीख में बदलाव हुआ है। यह मुकाबला पहले 26 सितंबर को होना था, लेकिन अब इसे 25 सितंबर को खेला जाएगा। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) ने रविवार को इसकी घोषणा की।

एक मजबूत टीम के खिलाफ यह बहुप्रतीक्षित मैच बेंगलुरु के श्री कांतिरावा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जो फीफा मेंस इंटरनेशनल मैच विंडो का हिस्सा है। 'ब्लू टाइगर्स' का सामना 44वीं रैंक वाली उस पनामा टीम से होगा, जिसने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लिया था।

फुटबॉल इतिहास में भारत और पनामा की टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। यह भारत के इतिहास में किसी कॉनकैफ (उत्तर, मध्य अमेरिका और कैरेबियाई फुटबॉल परिसंघ) टीम के खिलाफ 9वां मैच होगा।

'लॉस कैनालेरोस' (पनामा टीम) ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लिया था। इस वजह से सितंबर का यह मैच उन चार मुकाबलों में पहला होगा जो भारत फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने वाली टीमों के खिलाफ खेलेगा और फिर 3 अक्टूबर को ब्राजील के साथ मैच होगा।

इसके बाद, भारतीय पुरुष टीम अगली फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के दौरान न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां वह मेजबान टीम के विरुद्ध 12 और 15 नवंबर को दो फ्रेंडली मैच खेलेगी।

पहला मैच ऑकलैंड के गो मीडिया स्टेडियम में होगा, जबकि दूसरे मुकाबले का आयोजन क्राइस्टचर्च के वन न्यूजीलैंड स्टेडियम में किया जाएगा। इन मुकाबलों की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान की गई थी और ये दोनों देशों के बीच 'खेल के जरिए एकता के 100 साल' का जश्न मनाने के लिए आयोजित होने वाले खेल आयोजनों की सीरीज का हिस्सा होंगे।

इससे पहले, भारत और न्यूजीलैंड पहले भी दो बार आमने-सामने आ चुके हैं। दोनों देशों के बीच साल 1981 में मलेशिया में हुए मर्डेका टूर्नामेंट में मुकाबला बिना किसी गोल के ड्रॉ रहा था। इसके बाद साल 2018 में मुंबई में हुए इंटरकांटिनेंटल कप में न्यूजीलैंड ने 2-1 से जीत हासिल की थी।

न्यूजीलैंड ने हाल ही में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने ईरान के साथ ड्रॉ खेला, जबकि मिस्र और बेल्जियम से हार का सामना करना पड़ा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags