Samachar Nama
×

फ्लोरिडा के यूनिवर्सिटी कैंपस में फायर‍िंग में बच्‍चों समेत 12 लोग घायल, जांच में जुटी पुल‍िस

फ्लोरिडा के यूनिवर्सिटी कैंपस में फायरिंग में बच्चों समेत 12 लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस
फ्लोरिडा के यूनिवर्सिटी कैंपस में फायर‍िंग में बच्‍चों समेत 12 लोग घायल, जांच में जुटी पुल‍िस

फ्लोरिडा, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के तल्लाहासी में शन‍िवार रात एक यूनिवर्सिटी कैंपस में फायर‍िंग की घटना हुई। इस फायर‍िंग में 12 लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में बच्‍चे भी शाम‍िल हैं।

समाचार एजेंसी श‍िन्‍हुआ की र‍िपोर्ट के अनुसार, फ्लोरिडा राज्य के तल्लाहासी शहर में स्थित फ्लोरिडा एग्रीकल्चरल एंड मैकेनिकल यूनिवर्सिटी के ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम के पास शनिवार देर रात गोलीबारी हुई। फायर‍िंग में कम से कम 12 लोग घायल हो गए, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, 12 लोगों को गोली लगी है, ज‍िनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बाकी घायलों की स्‍थ‍ित‍ि ठीक है। पुलिस के मुताबिक, घायलों में छह नाबालिग शामिल हैं।

श‍िन्‍हुआ के अनुसार, तल्लाहासी पुलिस विभाग ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोलीबारी से पहले वहां कुछ लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह घटना स्टेडियम के पास एक भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई। उस समय विश्वविद्यालय के होमकमिंग वीकेंड के तहत आयोजित फुटबॉल मैच खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

फ्लोरिडा एग्रीकल्चरल एंड मैकेनिकल यूनिवर्सिटी ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में घटना की जानकारी देते हुए ल‍िखा, ''पुल‍िस पेरी स्ट्रीट पर हुई गोलीबारी की घटना की जांच कर रही है। पीड़ितों की संख्या और उन्हें कितनी चोटें आई हैं, यह अभी पता नहीं चल पाया है। कृपया जांच के दौरान इस इलाके में जाने से बचें। जैसे-जैसे और जानकारी मिलेगी, अपडेट साझा किए जाएंगे।''

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags