बिहार में बाढ़ से हाहाकार, 14 जिलों में 35.89 लाख लोग प्रभावित; वीडियो में जाने यूपी-उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट
देश के कई राज्यों में मानसून का असर अब भी जारी है। बिहार में गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं, जिसके चलते बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 14 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 35.89 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
बिहार में 8 नदियां खतरे के निशान के ऊपर
बिहार में गंगा, कोसी, गंडक, घाघरा समेत कई प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। कई इकों में बाढ़ का पानी घरों और सड़कों तक पहुंच गया है। राज्य के 14 जिलों के 82 प्रखंडों की 491 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने सबसे ज्यादा चिंता बढ़ाई है। कई जगहों पर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। भागलपुर समेत कई इलाकों में बाढ़ के कारण सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सारण में बांध टूटने से बढ़ी मुश्किल
सारण जिले में माही नदी पर बना जमींदारी बांध टूटने से हालात और गंभीर हो गए हैं। बांध टूटने के बाद आसपास के इलाकों में तेजी से पानी फैल गया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविर और सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं। बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं।
उत्तर प्रदेश में स्कूल बंद, 23 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी लगातार बारिश के चलते कई जिलों में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।वाराणसी में भी बारिश और जलभराव को देखते हुए प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जाएंगे।मौसम विभाग ने वाराणसी और प्रयागराज समेत प्रदेश के 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण मुश्किलें बढ़ गई हैं। पौड़ी जिले में लैंडस्लाइड के चलते कई घरों और दुकानों में दरारें आने की खबर है। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मध्य प्रदेश में बारिश पर लगा ब्रेक
दूसरी ओर मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग, भोपाल के अनुसार, प्रदेश में 11 सितंबर तक कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, देश के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा, जबकि कुछ राज्यों में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

