Samachar Nama
×

फ्लाइट के अंदर दिल्ली पुलिस का एक्शन, हिरासत में दिपके, रांका और सौरव; तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने किया डिटेन

फ्लाइट के अंदर दिल्ली पुलिस का एक्शन, हिरासत में दिपके, रांका और सौरव; तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने किया डिटेन
फ्लाइट के अंदर दिल्ली पुलिस का एक्शन, हिरासत में दिपके, रांका और सौरव; तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने किया डिटेन

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके, को-कन्वीनर सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने उनकी फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया है।

सीजेपी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के जवान उस विमान के अंदर घुसे जिसमें अभिजीत दिपके राष्ट्रीय राजधानी आ रहे थे। फ्लाइट कुछ मिनट पहले ही आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी।

हिरासत के दौरान अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा, "मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं। मुझे गिरफ्तार करो।"

सीजेपी ने 'एक्स' पोस्ट के जरिए यह भी जानकारी दी कि पार्टी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया है।

वहीं दूसरी ओर मुंबई पुलिस ने महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को डिटेन कर लिया है। वह अगस्त क्रांति मैदान की तरफ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें डिटेन किया।

इससे पहले शनिवार सुबह ही पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया था। ध्रुव राठी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दिल्ली आए थे।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस भी अलर्ट पर है। शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने आईएएनएस से कहा, "सीजेपी के विरोध को देखते हुए हमने शाहदरा जिले में अपने पूरे स्टाफ को अलर्ट पर रखा है। विशेष रूप से हमारे बॉर्डर एरिया में सात बॉर्डर पिकेट हैं जो गाजियाबाद जिले से जुड़ते हैं। मुख्य अप्सरा बॉर्डर पिकेट है, जहां हम अभी खड़े हैं। हमने यहां उचित कर्मियों को तैनात किया है, जिसमें हमारा स्थानीय स्टाफ, ट्रैफिक विभाग के साथ समन्वय में ट्रैफिक पुलिस कर्मी और अतिरिक्त बल शामिल हैं।"

बता दें कि प्रोटेस्ट को देखते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले के भोपुरा बॉर्डर पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था है। हर गाड़ी की चेकिंग कर रहे हैं। यहां पर जिले की पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस भी तैनात है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे डीसीपी राहुल अलवाल ने कहा कि कि धारा 163 लागू है। नई दिल्ली में कोई भी परमिशन नहीं है, तो इसलिए वहां आने-जाने वालों की सुरक्षा को देखते हुए हम सभी यहां पर तैनात हैं और चेकिंग कर रहे हैं। साथ ही, हमने बॉडी कैमरा लगाया है, जिससे कि रियल टाइम पता लग सके और दिल्ली पुलिस को बदनाम न किया जा सके।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story