खराब मौसम में फंसी Fly 91 की फ्लाइट, वीडियो में देंखे 2 घंटे हवा में मंडराता रहा विमान, यात्रियों में दहशत
रविवार को हैदराबाद से हुबली जा रही एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खराब मौसम के कारण विमान करीब दो घंटे तक हवा में ही चक्कर काटता रहा। यह फ्लाइट लो-कॉस्ट एयरलाइन Fly 91 की थी, जिसमें सवार यात्रियों को तेज झटकों का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाइट रविवार दोपहर करीब 3 बजे Hyderabad से रवाना हुई थी और इसे निर्धारित समय के अनुसार शाम करीब 4:30 बजे Hubli पहुंचना था। हालांकि, हुबली में खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।
इस दौरान विमान को आसमान में ही चक्कर लगाने पड़े, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। विमान में अचानक आए तेज झटकों (टर्बुलेंस) के कारण कई यात्री डर गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ यात्रियों को रोते हुए और हाथ जोड़कर प्रार्थना करते देखा जा सकता है।
करीब दो घंटे तक हवा में रहने के बाद पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को डायवर्ट करने का फैसला लिया। इसके बाद फ्लाइट को Bengaluru भेजा गया, जहां शाम करीब 6:30 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला पूरी तरह यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया था। खराब मौसम के चलते हुबली एयरपोर्ट पर लैंडिंग संभव नहीं थी, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बेंगलुरु एयरपोर्ट का चयन किया गया।
हालांकि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पूरे घटनाक्रम ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। कई यात्रियों ने बाद में बताया कि फ्लाइट के दौरान आए झटके काफी डरावने थे और उन्हें लगा कि स्थिति गंभीर हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान टर्बुलेंस आम बात है, लेकिन सुरक्षा मानकों के तहत पायलट ऐसे हालात में सतर्कता से निर्णय लेते हैं। फ्लाइट को डायवर्ट करना एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य किसी भी जोखिम से बचना होता है।
फिलहाल, एयरलाइन की ओर से इस घटना को लेकर विस्तृत बयान जारी किए जाने की उम्मीद है। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने को लेकर उठाए गए कदमों की सराहना भी की जा रही है।

