Samachar Nama
×

'फिटनेस स्वस्थ जीवन का आधार है', 'संडे ऑन साइकिल' के 81वें संस्करण में बोलीं सुमन देवी

'फिटनेस स्वस्थ जीवन का आधार है', 'संडे ऑन साइकिल' के 81वें संस्करण में बोलीं सुमन देवी
'फिटनेस स्वस्थ जीवन का आधार है', 'संडे ऑन साइकिल' के 81वें संस्करण में बोलीं सुमन देवी

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। फिटनेस के प्रति देशभर के लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय सरकार द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के तहत हर रविवार को संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया जाता है। इस खास मुहिम में अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां, एथलीट और दिग्गज लोगों को शामिल किया जाता है। रविवार को संडे ऑन साइकिल के 81वें संस्करण का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी सुमन देवी ने हिस्सा लिया।

संडे ऑन साइकिल के 81वें संस्करण में कई चार्टर्ड अकाउंटेंट ने हिस्सा लिया। इवेंट के दौरान कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और देश की राजधानी में लोगों ने इस खास मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एशियन चैंपियन और सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रहीं सुमन देवी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि फिटनेस स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग या फिर कोई भी फिटनेस एक्टिविटी करने से हमारा स्वस्थ और हमारा दिमाग फिट रहता है। सुमन ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट ने हर किसी को फिटनेस के प्रति जागरूक करने में बड़ी भूमिका निभाई है।

सुमन ने आगे कहा, "साइकिलिंग कोई भी व्यक्ति कर सकता है। साइकिलिंग हमारे स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद है। साइकिलिंग की मदद से हम अपने शरीर को फिट रख सकते हैं। यह फिट रहने के लिए बहुत अच्छी चीज है।" सुमन ने सरकार की फिटनेस के लिए शुरू की गई इस खास पहल की तारीफ की। संडे ऑन साइकिल के 81वें संस्करण में चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पुशअप चैलेंज में भी हिस्सा लिया। इसके साथ ही साइकिलिंग में बच्चों के साथ-साथ हर उम्र के लोगों ने हिस्सा लिया।

संडे ऑन साइकिल इवेंट में हर रविवार को देश के नामी एथलीट, राजनेता या फिर मशहूर हस्ती को शामिल किया जाता है, जिसका मकसद लोगों को फिटनेस के प्रति खास संदेश देना होता है। खेल मंत्री मनसुख मांडविया खुद अक्सर इस इवेंट में हिस्सा लेते हुए नजर आते हैं। वह देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर लोगों से अपने जीवन में साइकिलिंग को शामिल करने की अपील करते हुए नजर आते हैं।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags