Samachar Nama
×

आदिलाबाद के RIMS अस्पताल की नवजात यूनिट में लगी आग, फुटेज में देंखे 2 बच्चों की मौत; 2 की हालत गंभीर

आदिलाबाद के RIMS अस्पताल की नवजात यूनिट में लगी आग, फुटेज में देंखे 2 बच्चों की मौत; 2 की हालत गंभीर

तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में सोमवार रात सरकारी RIMS अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना रात करीब 11:50 बजे की बताई जा रही है। आग की चपेट में आने से दो नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, जिस समय यूनिट में आग लगी, वहां कुल 27 नवजात बच्चों का इलाज चल रहा । आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों और अधिकारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बच्चों को यूनिट से बाहर निकालने का काम किया।हादसे के बाद 25 नवजात बच्चों को सुरक्षित निकालकर अलग-अलग निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। वहीं, आग की चपेट में आए चार बच्चों में से दो की मौत हो गई। दो अन्य बच्चों को गंभीर हालत में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

AC में खराबी के बाद विस्फोट की आशंका

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह AC में आई खराबी के बाद हुए संभावित विस्फोट को माना जा रहा है। हालांकि अधिकारियों ने अभी आग लगने की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारी घटना की जांच में जुटे हैं। यह भी देखा जा रहा है कि आग कितनी तेजी से फैली और अस्पताल में लगे फायर सेफ्टी इंतजामों ने किस तरह काम किया।

इस साल अस्पतालों में आग से कई मौतें

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साल देश के अलग-अलग अस्पतालों में आग लगने की घटनाओं में अब तक 24 लोगों की मौत हुई है। इनमें ओडिशा के कटक में 12 मरीज, बिहार के मुजफ्फरपुर में 5 मरीज, महाराष्ट्र के अमरावती में 3 नवजात, तेलंगाना के आदिलाबाद में 2 नवजात, उत्तर प्रदेश के कानपुर में 1 नवजात और उत्तराखंड के देहरादून में 1 मरीज की मौत शामिल है।आदिलाबाद की घटना के बाद अस्पतालों में फायर सेफ्टी व्यवस्था और नवजात बच्चों के लिए आपातकालीन सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद हादसे की वजह और जिम्मेदारी से जुड़ी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Share this story

Tags