Samachar Nama
×

राहुल-प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं पर FIR, फुटेज में देंखे आकाशवाणी भवन में बिना अनुमति प्रवेश का आरोप; खड़गे ने आज बुलाई विपक्षी सांसदों की बैठक

राहुल-प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं पर FIR, फुटेज में देंखे आकाशवाणी भवन में बिना अनुमति प्रवेश का आरोप; खड़गे ने आज बुलाई विपक्षी सांसदों की बैठक

दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई आकाशवाणी की ओर से मिली शिकायत के बाद की गई है। मामला मंगलवार को INDIA ब्लॉक के ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च के दौरान का है।

चुनाव आयोग तक मार्च निकाल रहे थे विपक्षी सांसद

मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसद संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विरोध जताया जा रहा था। पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इसके बाद कई विपक्षी सांसदों और नेताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाया गया।

राहुल-प्रियंका आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचे

पुलिस की कार्रवाई के बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कुछ अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों वहां एक पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए। उनके साथ अन्य विपक्षी नेता भी मौजूद रहे और शाम करीब 8 बजे तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा। बाद में पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर वहां से हटाया। 

आकाशवाणी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आकाशवाणी भवन में बिना अनुमति प्रवेश करने को लेकर शिकायत मिलने के बाद FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और FIR में संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। वहीं, विपक्षी दलों का कहना है कि उनका प्रदर्शन SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर था। चुनाव आयोग ने भी मंगलवार को कहा था कि शाम 4 बजे तक किसी राजनीतिक दल की ओर से आयोग के साथ औपचारिक बैठक के लिए अनुरोध नहीं मिला था। 

आज खड़गे ने बुलाई विपक्षी सांसदों की बैठक

मंगलवार के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों को लंच बैठक के लिए बुलाया है। बैठक में चुनाव आयोग से मुलाकात के लिए पत्र देने और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है। विपक्षी दल SIR को लेकर अपनी आपत्तियां चुनाव आयोग के सामने रखने और मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की मांग कर रहे हैं। वहीं, चुनाव आयोग ने अपनी ओर से कहा है कि वह स्थापित प्रक्रिया के तहत प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन लेने की पेशकश कर चुका था। 

Share this story

Tags