Samachar Nama
×

फिल्म 'रामायण' में आध्यात्मिकता की कमी? गजेंद्र चौहान बोले-'भव्यता तो है पर वीएफएक्स वाली'

फिल्म 'रामायण' में आध्यात्मिकता की कमी? गजेंद्र चौहान बोले-'भव्यता तो है पर वीएफएक्स वाली'
फिल्म 'रामायण' में आध्यात्मिकता की कमी? गजेंद्र चौहान बोले-'भव्यता तो है पर वीएफएक्स वाली'

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता और एफटीआईआई के पूर्व चेयरमैन गजेंद्र चौहान ने फिल्म 'रामायण' और उसके टाइटल को लेकर चल रही चर्चा पर प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि वह 'रामायण' शब्द के इस्तेमाल पर सबसे पहले आपत्ति जताने वालों में से थे।

अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में रामायण और महाभारत को भारत की विरासत बताते हुए कहा कि ये महाकाव्य देश की संस्कृति और सभ्यता को दिखाते हैं और ऐसे मूल्य सिखाते हैं जिन्हें आने वाली पीढ़ियों को देना चाहिए।

उन्होंने कहा, "आजकल सोशल मीडिया पर फिल्म रामायण को लेकर चर्चा चल रही है। निर्माता और निर्देशक इसे 'रामायणा' कहते हैं। रामायणा कोई शब्द नहीं होता है, असल में रामायण होता है। रामायण और महाभारत हमारी धरोहर हैं और हम सभी को अपने ग्रंथों के ऊपर बहुत गर्व है क्योंकि इसमें हमारे भारत की संस्कृति और सभ्यता सिखाई गई है। इससे वो सिखाया गया है, जो हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को बताना है।"

अभिनेता ने फिल्म को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाओं पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा, "आज चर्चा का विषय है कि रामायण फिल्म कैसी है और जो लोग फिल्म को देखकर आए हैं, उन सभी के अलग-अलग विचार हैं। कुछ अच्छा बता रहे हैं, तो कुछ खराब और लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

वहीं, हमारी इंडस्ट्री के कलाकारों ने भी इस पर कमेंट किए हैं। उनका कहना है कि फिल्म के अंदर आध्यात्मिकता नहीं है। भव्यता तो है लेकिन वीएफएक्स वाली है। देखिए कोई भी पौराणिकता पैसे से नहीं बनती है।"

उन्होंने कहा, "पौराणिक चीजें कलाकारों की योग्यता से बनती हैं और देखने वाली बात यह भी है कि कोई कलाकार उस योग्यता के काबिल है कि नहीं। मुझे याद है कि जब महाभारत की कास्टिंग हो रही थी, तो बीआर चोपड़ा ने कहा था कि राजा उसी को बनाना चाहिए, जो राजा दिखने के लायक लगता हो। किसी भी कलाकार की सबसे पहली मांग यही होती है कि वह उस रोल के लायक है कि नहीं। उसकी छवि उस रोल में फिट होती है या नहीं।"

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story