Samachar Nama
×

फिल्म प्रशिक्षण के लिए झारखंड सरकार ने एसआरएफटीआई से किया एमओयू

फिल्म प्रशिक्षण के लिए झारखंड सरकार ने एसआरएफटीआई से किया एमओयू
फिल्म प्रशिक्षण के लिए झारखंड सरकार ने एसआरएफटीआई से किया एमओयू

रांची, 22 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड में फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएफडीसी) और कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड मंत्रालय में आयोजित समारोह में दोनों संस्थाओं ने फिल्म एवं मीडिया शिक्षा, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग के लिए साझेदारी का औपचारिक समझौता किया। इस समझौते के तहत प्रस्तावित झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (जेएफटीआई) के संचालन में एसआरएफटीआई तकनीकी और शैक्षणिक सहयोग देगा। प्रारंभिक चरण में साउंड डिजाइन, एडिटिंग, एनीमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले लेखन, सिनेमैटोग्राफी, निर्देशन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों में अल्पकालिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

सरकार का कहना है कि आगे चलकर संस्थान को पूर्ण विकसित फिल्म एवं मीडिया प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण और रचनात्मक उद्योग की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन राज्य की प्रतिभाओं को अब तक व्यवस्थित प्रशिक्षण और मंच नहीं मिल पाया था। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य की कई प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं और नई व्यवस्था से ऐसे युवाओं को अपने ही राज्य में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट राज्य में रचनात्मक उद्योग के विकास के साथ रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी तैयार करेगा।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और एसआरएफटीआई के कुलपति समीरन दत्ता ने भी इस साझेदारी को राज्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित झारखंड के फिल्मकारों को सम्मानित किया। इनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता बीजू टोप्पो, संथाली लघु फिल्म 'आंगेन' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित रविराज मुर्मू, फिल्मकार अनुज कुमार तथा कुड़ुख फिल्म 'एडपा काना' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त निरंजन कुजूर शामिल हैं।

समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, एसआरएफटीआई के डीन सुकांते मजूमदार तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और विद्यार्थी भी उपस्थित थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story