फिल्म 'धुरंधर 2' मुसलमानों के खिलाफ नहीं है: राजा सिंह
हैदराबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। एक्टर रणवीर सिंह की मूवी 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है। दर्शकों की ओर से जहां फिल्म को भरपूर प्यार मिल रहा है तो वहीं फिल्म को लेकर विवाद भी पैदा हो गया है। कई राजनीतिक दलों के अनुसार, फिल्म मुसलमानों को बदनाम करने के लिए एक एजेंडा के तहत बनाई गई है।
गोशामहल के विधायक राजा सिंह ने कहा कि कांग्रेस या फिर अन्य राजनीतिक दल जो फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर विवाद पैदा कर रहे हैं। वह सिर्फ अपनी सच्चाई के उजागर होने से डर गए हैं, जबकि यह फिल्म भारतीय मुसलमानों के खिलाफ नहीं है।
विधायक राजा सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह शर्म की बात है कि फिल्म को लेकर राजनीतिक दल बयानबाजी कर रहे हैं। मैंने अपने परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ फिल्म 'धुरंधर 2' देखी। यह बहुत ही शानदार मूवी है। मुझे लगता है कि सभी को यह फिल्म देखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस फिल्म में न तो कांग्रेस पार्टी को और न ही भारत के मुसलमानों को निशाना बनाया गया है।
राजा सिंह ने कहा कि फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे हमारा एजेंट पाकिस्तान में जाता है और वहां की सरकार में शामिल होता है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे हमारा एजेंट आतंकवाद का सूपड़ा साफ करता है, लेकिन कांग्रेस को तो फिल्म से दिक्कत हो रही है। मैं सवाल पूछता हूं कि कांग्रेस या फिर अन्य दल जो फिल्म का विरोध कर रहे हैं, उन्हें इस फिल्म की सफलता से दर्द क्यों हो रहा है?
विधायक ने आगे कहा कि फिल्म में दिखाया गया कि भारत में नोटबंदी क्यों की गई, क्योंकि पाकिस्तान के साथ मिलकर एक यूपी का माफिया नकली नोटों की खेप को भारत में लाना चाहता था। उस माफिया का पाकिस्तान के अलावा दाउद इब्राहिम से संबंध था। कांग्रेस को दिक्कत इसीलिए हो रही है, क्योंकि उस वक्त पाकिस्तान के अलावा दाउद इब्राहिम के साथ कांग्रेस थी।
राजा सिंह ने कहा कि इस फिल्म के आने के बाद सारी सच्चाई बाहर निकलकर सामने आ गई है, इसीलिए कांग्रेस और एआईएमआईएम को दर्द हो रहा है। इसी वजह से वे बौखला गए हैं, क्योंकि इतने वर्षों तक इनका जो छिपा हुआ चेहरा था, वह उजागर हो गया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

