Samachar Nama
×

फीफा वर्ल्ड कप: उलटफेर से बाल-बाल बचा अर्जेंटीना, हारकर भी काबो वर्डे ने जीता दिल

फीफा वर्ल्ड कप: उलटफेर से बाल-बाल बचा अर्जेंटीना, हारकर भी काबो वर्डे ने जीता दिल
फीफा वर्ल्ड कप: उलटफेर से बाल-बाल बचा अर्जेंटीना, हारकर भी काबो वर्डे ने जीता दिल

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना काबो वर्डे के खिलाफ उलटफेर से बाल-बाल बच गया। मियामी स्टेडियम में रोमांच से भरपूर मुकाबले में अर्जेंटीना ने काबो वर्डे को 3-2 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली है।

काबो वर्डे ने पूरे मुकाबले में अर्जेंटीना के ऊपर दबाव बनाए रखा और मैच का नतीजा अतिरिक्त समय में जाकर निकल सका। निर्धारित 90 मिनट में स्कोर 2-2 की बराबरी पर रहा। हालांकि, अतिरिक्त समय में डिने बोर्गस अपना ही गोल (आत्मघाती गोल) कर बैठे, जिसके चलते पहली बार विश्व कप में शामिल हुई काबो वर्डे के यादगार सफर पर विराम लग गया।

मुकाबले में अर्जेंटीना और काबो वर्डे के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। हालांकि, मैच के 29वें मिनट में लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई। लिसेंड्रो मार्टिनेज के बेहतरीन पास को मेसी ने गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की। इसके बाद पहले हाफ में दोनों टीमों की तरफ से कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका।

दूसरे हाफ के आगाज के साथ ही काबो वर्डे ने मैच के 59वें मिनट में गोल करते हुए हर किसी को चौंका दिया। डेरॉय डुआर्टे ने बॉक्स के नीचे एक शानदार ड्राइव्ड शॉट लगाकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 90 मिनट तक के खेल में स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा। अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना की ओर से 92वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज ने दूसरा गोल दागा और टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई।

हालांकि, काबो वर्डे के लिए 103वें मिनट में सिडनी लोप्स काब्रेल ने शानदार गोल दागा और स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया। काबो वर्डे के बेहतरीन खेल को देखकर अर्जेंटीना पर उलटफेर का खतरा मंडरा रहा था। मैच का नतीजा निकालने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय लिया गया। मैच के 111वें मिनट में कॉर्नर पर मिले मौके पर मेसी ने गोल करने का प्रयास किया, लेकिन काबो वर्डे के डिने बोर्गस बचाव करने की कोशिश में अपना ही गोल कर बैठे। काबो वर्डे ने इसके बाद गोल करने के दो और प्रयास किए, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लग सकी। मैच की आखिरी सीटी बजने के साथ ही काबो वर्डे के खिलाड़ी भावुक भी नजर आए।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags