Samachar Nama
×

फीफा वर्ल्ड कप: क्वार्टर फाइनल में मोरक्को से सामना, लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचना फ्रांस का लक्ष्य

फीफा वर्ल्ड कप: क्वार्टर फाइनल में मोरक्को से सामना, लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचना फ्रांस का लक्ष्य
फीफा वर्ल्ड कप: क्वार्टर फाइनल में मोरक्को से सामना, लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचना फ्रांस का लक्ष्य

मैसाचुसेट्स, 9 जुलाई (आईएएनएस)। 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' के क्वार्टर फाइनल में गुरुवार देर रात (1.30 बजे से) फ्रांस की टीम जिलेट स्टेडियम में मोरक्को का सामना करेगी। फ्रांसीसी टीम कड़ी चुनौती का सामना करते हुए लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचने की कोशिश में है।

यह मैच वर्ल्ड कप 2022 की यादें ताजा करता है, जहां फ्रांस ने मोरक्को के ऐतिहासिक सफर को 2-0 के अंतर से खत्म करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, चार साल बाद, उत्तरी अफ्रीकी टीम अब ज्यादा परिपक्व और आत्मविश्वास से भरी हुई है।

पराग्वे के खिलाफ 'राउंड-ऑफ-16' के मुश्किल मुकाबले के बावजूद, फ्रांस इस टूर्नामेंट की बेहतरीन टीमों में से एक रही है। कड़े मुकाबले का फैसला आखिरकार किलियन एम्बाप्पे (70') की पेनाल्टी से हुआ, जिसके साथ कप्तान ने एक बार फिर अपनी अहमियत साबित की।

एम्बाप्पे एक बार फिर फ्रांस की उम्मीदों के केंद्र में होंगे, क्योंकि डिडिएर डेसचैम्प्स की टीम एक खास उपलब्धि हासिल करने की कोशिश कर रही है। फीफा वर्ल्ड कप 2018 और 2022 के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद, 'लेस ब्लूज' (फ्रांस की टीम) लगातार तीन वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाला तीसरा देश बनने का लक्ष्य बना रहा है।

दूसरी तरफ, मोरक्को ने कतर में अपने यादगार सफर से शुरू हुई शानदार लय को बनाए रखा है। गेंद पर नियंत्रण रखने और पूरे मैदान पर तकनीकी रूप से माहिर होने के कारण, ये एक ऐसी टीम बन गई, जो सिर्फ प्रतिद्वंद्वी को परेशान करने के बजाय मैच पर अपना दबदबा बना सकती है।

फैंस को उम्मीद है कि यह रणनीतिक मुकाबला दिलचस्प होगा। अलग-अलग खेल शैलियों और हालिया इतिहास के कारण यह मैच और भी रोमांचक हो सकता है, और क्वार्टर फाइनल चरण के सबसे बेहतरीन मुकाबलों में से एक बन सकता है।

फ्रांस की टीम:

गोलकीपर: माइक मेगनन, रॉबिन रिसर, ब्राइस सांबा।

डिफेंडर: लुकास डिग्ने, मालो गुस्टो, लुकास हर्नांडेज, थियो हर्नांडेज, इब्राहिमा कोनाटे, जूल्स कौंडे, मैक्सेंस लैक्रोइक्स, विलियम सलीबा, डेयोट उपामेकानो।

मिडफील्डर: एन'गोलो कांटे, मनु कोने, एड्रियन रबियोट, ऑरेलियन टचौमेनी, वॉरेन जैरे-एमरी।

फॉरवर्ड: मैग्नेस अक्लिओचे, ब्रैडली बारकोला, रेयान चेर्की, ओस्मान डेम्बेले, डिजायर डू, जीन-फिलिप माटेटा, किलियन एमबीप्पे, माइकल ओलिस, मार्कस थुरम।

मोरक्को की टीम:

गोलकीपर: यासीन बौनौ, मुनीर एल काजौई, अहमद रेडा तग्नौटी।

डिफेंडर: नौसैर मजरौई, अनस सलाह-एद्दीन, यूसुफ बेलामारि, नायेफ अगुएर्ड, चाडी रियाद, इस्सा डिओप, रेडौने हल्हाल, अचरफ हकीमी, जकारिया एल औहादी।

मिडफील्डर: समीर एल मौराबेट, अय्यूब बौअद्दी, नील एल अयनौई, सोफियान अमराबात, अजेदीन ओनाही, बिलाल एल खन्नौस, इस्माइल सैबारी।

फॉरवर्ड: अब्देस्समद एजालजौली, चेम्सडाइन तलबी, सूफियान रहीमी, अयूब अल काबी, ब्राहिम डियाज, यासीन गेसिमे, अयूबे अमाईमौनी।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags