Samachar Nama
×

फीफा वर्ल्ड कप के बाद बेल्जियम के स्टार थॉमस म्यूनियर सुंदरलैंड एएफसी से जुड़े

फीफा वर्ल्ड कप के बाद बेल्जियम के स्टार थॉमस म्यूनियर सुंदरलैंड एएफसी से जुड़े
फीफा वर्ल्ड कप के बाद बेल्जियम के स्टार थॉमस म्यूनियर सुंदरलैंड एएफसी से जुड़े

सुंदरलैंड, 15 जुलाई (आईएएनएस)। बेल्जियम के दिग्गज खिलाड़ी थॉमस म्यूनियर ने आगामी 2026/27 सीजन से पहले प्रीमियर लीग क्लब 'सुंदरलैंड एएफसी' के साथ 2 साल का करार किया है। 34 वर्षीय डिफेंडर लिले छोड़ने के बाद 'फ्री एजेंट' थे।

म्यूनियर अगस्त की शुरुआत में सुंदरलैंड एएफसी से जुड़ेंगे। वह इस सीजन में घरेलू और यूरोपीय प्रतियोगिताओं में सुंदरलैंड का प्रतिनिधित्व करने को लेकर उत्साहित हैं।

क्लब की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में म्यूनियर ने कहा, "मैं सुंदरलैंड से जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं यहां आकर और अपने करियर का यह नया अध्याय शुरू करके बहुत खुश हूं। प्रीमियर लीग दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी और रोमांचक लीग में से एक है। यह एक ऐसी चुनौती है जिसका मैं अनुभव करना चाहता था। जब मैंने क्लब से बात की, तो मैं उनके बड़े लक्ष्यों, प्रोजेक्ट और आगे बढ़ते रहने की इच्छा से प्रभावित हुआ।"

उन्होंने कहा, "यूरोप में खेलना भी मेरे फैसले की एक बड़ी वजह थी, क्योंकि बतौर खिलाड़ी आप हमेशा सबसे अच्छी टीमों के खिलाफ खुद को परखना और ट्रॉफी के लिए मुकाबला करना चाहते हैं। मुझे उम्मीद है कि मैं मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह टीम के साथ अपना अनुभव साझा कर सकूंगा। मैं खुशकिस्मत रहा हूं कि अपने करियर में कुछ शानदार टीमों के लिए खेला। अब मैं इस क्लब के लिए अपना सब कुछ देने, अपने साथियों की मदद करने और फैंस के साथ मजबूत रिश्ता बनाने के लिए उत्सुक हूं।"

थॉमस म्यूनियर ने हाल ही में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बेल्जियम का प्रतिनिधित्व किया था। म्यूनियर ने 550 से ज्यादा सीनियर क्लब मुकाबले और 83 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

12 सितंबर 1991 को सेंट-ओड में जन्मे म्यूनियर ने अपने देश में निचली लीग से शुरुआत करते हुए क्लब ब्रुग में खुद को मजबूती से स्थापित किया। इस क्लब में उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर की पहली सफलताएं हासिल कीं। इस दौरान 'बेल्जियन प्रो लीग' और 'बेल्जियन कप' जीता।

साल 2016 में पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) में जाने से म्यूनियर की लोकप्रियता में इजाफा हुआ। इस दौरान तीन घरेलू लीग और कप जीत शामिल रहीं। साल 2020 में म्यूनियर का ट्रांसफर बोरुसिया डॉर्टमुंड में हुआ, जहां उन्होंने अपनी बढ़ती प्रतिष्ठा को और बेहतर बनाया। इसके बाद वह ट्रैबजोनस्पोर और फिर लिले की तरफ से खेले।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags