फेनेस्टा ओपन में बड़े उलटफेर, टॉप सीडेड खिलाड़ी चुक्का, सिवाच, सतीश और गहलोत बाहर
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। फेनेस्टा ओपन में बुधवार का दिन टॉप सीडेड खिलाड़ियों के लिए मुश्किल भरा रहा। डीएलटीए कॉम्प्लेक्स में जारी चैंपियनशिप के सिंगल्स इवेंट के तीसरे राउंड में कई टॉप सीडेड खिलाड़ियों को कम रैंकिंग वाले खिलाड़ियों से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरे नंबर के सीडेड खिलाड़ी लक्ष्य चुक्का भी इनमें शामिल थे, जिन्हें लड़कों के अंडर-16 इवेंट में हरियाणा के हर्ष मारवाहा ने 6-2, 6-4 से हराया।
तीसरे नंबर के सीडेड खिलाड़ी परंजय सिवाच भी लड़कों के अंडर-16 ड्रॉ से बाहर हो गए; उन्हें पश्चिम बंगाल के 12वें नंबर के सीडेड खिलाड़ी मोनोदीप डे ने 6-4, 6-4 से हराया। हालांकि, पिछले हफ्ते लड़कों का अंडर-18 खिताब जीतने वाले रिभव सरोहा 'डबल क्राउन' जीतने की राह पर बने हुए हैं। उन्होंने 13वें नंबर के सीडेड खिलाड़ी ज्ञानश मनचंदा को 6-2, 6-4 से हराकर लड़कों के अंडर-16 क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका मुकाबला बिना सीडिंग वाले खिलाड़ी पी. नल्लागुंडला से होगा। नल्लागुंडला ने 16वें नंबर के सीडेड खिलाड़ी अनाय पांडे को 6-1, 6-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
टॉप सीड दीप्ति वेंकटेशन के हारने के एक दिन बाद, दूसरी सीड तनुश्री सतीश भी गर्ल्स अंडर-16 इवेंट से बाहर हो गईं। सतीश 'राउंड ऑफ 16' में कर्नाटक की पूजा नागराज से 7-5, 6-1 से हार गईं। तीसरी सीड आराध्या मीना, नंबर 5 सीड अक्षिता अंतिल और नंबर 7 सीड रंजना संग्राम उन खिलाड़ियों में शामिल थीं जो क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।
गर्ल्स अंडर-14 इवेंट में, टॉप सीड सरेना गहलोत को भी उलटफेर का सामना करना पड़ा और वह महाराष्ट्र की ऋषिता यादव से 6-4, 7-6 (7-3) से हार गईं। नंबर 4 सीड पी. वट्टाप्रम्बिल भी बाहर हो गईं, जबकि दूसरी सीड सिद्धि पांडे और तीसरी सीड ज़ोहा कुरैशी ने सीधे सेटों में जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
बॉयज अंडर-14 ड्रॉ में टॉप सीड आरव चलानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नंबर 13 सीड जेगन सेंथिल को 6-1, 6-2 से हराया और क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। ड्रॉ में शामिल टॉप पाँच सीड खिलाड़ी अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रहे।
--आईएएनएस
आरएसजी

