फेनेस्टा ओपन: मनीष और वैदेही ने सीधे सेटों में जीत के साथ अभियान शुरू किया
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। डीएलटीए कॉम्प्लेक्स में सोमवार को आयोजित 31वीं फेनेस्टा ओपन नेशनल टेनिस चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुष और महिला एकल वर्ग के शीर्ष वरीय खिलाड़ी मनीष सुरेश कुमार और वैदेही चौधरी ने अपने-अपने अभियान की शुरुआत सीधे सेटों में आसान जीत के साथ की।
डिफेंडिंग चैंपियन सुरेशकुमार ने 61 मिनट तक चले मुकाबले में प्रसाद इंगले को 6-1, 6-2 से मात दी। वहीं, वैदेही चौधरी ने रिया सचदेवा को 56 मिनट तक चले मैच में 6-0, 6-1 से शिकस्त दी।
जीत के बाद सुरेशकुमार ने कहा, "यह एक अच्छी शुरुआत थी। मैंने बस मजबूती से खेलने की कोशिश की क्योंकि यह पहला मैच था। मैंने ज्यादा से ज्यादा गेंदों को कोर्ट पर रखने और लय हासिल करने की कोशिश की। आज का मैच मजबूती से खेलने और विरोधी को गलती करने पर मजबूर करने के बारे में था। मुझे लगता है कि आज मेरी सर्विस बहुत अच्छी थी। उम्मीद है कि मैं आने वाले राउंड में भी इसी लय को बरकरार रख सकूंगा।"
वैदेही चौधरी ने अपने पहले राउंड के मैच में शुरुआती 11 गेम जीते, जिसके बाद उनकी विरोधी खिलाड़ी स्कोरबोर्ड पर अपना खाता खोल पाईं। जीत के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "मैंने बहुत अच्छा खेला। मैं 6-0, 5-0 से आगे थी। मैं बिना कोई गेम गंवाए जीतना चाहती थी। लेकिन रिया ने अच्छा खेल दिखाया और स्कोर 6-0, 6-1 रहा। अब मैं कल होने वाले अपने दूसरे राउंड के मैच का इंतजार कर रही हूं।"
वहीं, सोहा सादिक ने टूर्नामेंट का पहला बड़ा उलटफेर करते हुए नंबर 6 सीड जेनिफर लुईखम को 86 मिनट में 6-4, 6-1 से हराया। जीत के बाद सादिक ने कहा, "मुझे बहुत सकारात्मकता महसूस हो रही है। जेनिफर के खिलाफ खेलना आसान नहीं है। वह बहुत डटी रहने वाली और बहुत अच्छी खिलाड़ी हैं। मुझे खुशी है कि मैं जीत गई। मैं सिर्फ इसी टूर्नामेंट के लिए ट्रेनिंग कर रही थी और मैंने मैच में वही सब किया जिसकी मैंने प्रैक्टिस की थी। यह भारत के सबसे बड़े टूर्नामेंट्स में से एक है और यह जीत मेरे लिए एक अच्छी शुरुआत है।"
दूसरी तरफ, पुरुष सिंगल्स ड्रॉ में तीसरे सीड नितिन सिन्हा, छठे सीड मान केसरवानी और आठवें सीड रोहन मेहरा दूसरे राउंड में पहुंच गए। हालांकि, सातवें सीड मध्विन कामथ को पार्थ अग्रवाल ने तीन सेटों में हरा दिया। महिलाओं के सिंगल्स ड्रॉ में, दूसरी सीड श्रुति अहलावत ने चेविका सामा को 6-4, 6-0 से हराकर दूसरे राउंड में जगह बनाई, जबकि तीसरी सीड आकांक्षा नित्तुरे ने कड़े मुकाबले में लक्ष्मी गौड़ा को 7-6, 7-6 से हराया।
पुरुषों के क्वालीफाइंग ड्रॉ में टॉप सीड सूरज प्रबोध उन आठ खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने क्वालीफाइंग राउंड पार करके मेन ड्रॉ में जगह बनाई। अन्य खिलाड़ियों में 35 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी लक्षित सूद और उभरते हुए जूनियर खिलाड़ी आदित्य मोर और प्रकाश सरन शामिल थे। ये दोनों ही लड़कों के अंडर-18 सिंगल्स ड्रॉ में सीडेड खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिसकी शुरुआत भी सोमवार को हुई।
लड़कों के अंडर-18 सिंगल्स ड्रॉ में, टॉप सीड प्रनील शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऋत्विक दत्त को एक घंटे से भी कम समय में 6-0, 6-0 से हराया। चौथी सीड ओम रमेश पटेल, सातवीं सीड पर्जन्य अडूरी और आठवीं सीड कुशाग्र अरोड़ा ने भी अपने पहले राउंड के मैच सीधे सेटों में जीते।
लड़कियों के अंडर-18 सिंगल्स ड्रॉ की शुरुआत भी सोमवार को हुई। टॉप 16 सीडेड खिलाड़ियों को सीधे दूसरे राउंड में प्रवेश (बाय) मिला। उनके साथ पहले राउंड के विजेता रिद्धि शिंदे, पावनी बिष्ट, पूजा नागराज और सानिध्या करंतोथ आदि खिलाड़ी भी शामिल हुए।
--आईएएनएस
आरएसजी

