Samachar Nama
×

फतेहपुर बेरी अग्निकांड: घंटों की मशक्कत के बाद आग नियंत्रित, कूलिंग ऑपरेशन जारी

फतेहपुर बेरी अग्निकांड: घंटों की मशक्कत के बाद आग नियंत्रित, कूलिंग ऑपरेशन जारी
फतेहपुर बेरी अग्निकांड: घंटों की मशक्कत के बाद आग नियंत्रित, कूलिंग ऑपरेशन जारी

नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में एक टेंट गोदाम में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और अब मौके पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है।

फायर ऑफिसर राजेश कुमार शुक्ला ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि फतेहपुर बेरी के हर स्वरूप कॉलोनी स्थित एक इवेंट मैनेजमेंट और टेंटेज गोदाम में आग लगी थी। इसकी सूचना सुबह करीब 6:42 बजे दमकल विभाग मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि आग को लगभग एक घंटे के भीतर नियंत्रण में ले लिया गया था, लेकिन पूरी तरह स्थिति सामान्य करने के लिए कूलिंग का काम जारी रखा गया।

राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि आग की श्रेणी मेक फोर की थी। गोदाम में टेंट से जुड़ा सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैलने की आशंका थी। आग को आसपास के इलाकों तक फैलने से रोकने के लिए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।

उन्होंने बताया कि संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बड़ी गाड़ियों को अंदर तक ले जाने में परेशानी हो रही थी, इसलिए मुख्य सड़क से करीब 400 मीटर लंबी होज लाइन बिछाकर पानी पहुंचाया गया। इसके लिए बीच में एक इंटरवेंशन जंक्शन बनाया गया, जहां से पानी की सप्लाई आगे बढ़ाई गई।

फायर ऑफिसर ने बताया कि कुल 15 दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात की गई थीं और आग पूरी तरह से समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है, जो आग बुझाने की प्रक्रिया का ही हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि गोदाम में किसी के फंसे होने या किसी तरह की जनहानि की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags