Samachar Nama
×

फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया दुख
फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

आगरा, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक के कारण उनकी जान चली गई। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने दुख जताया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर छोटेलाल वर्मा को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को बेहद दुखद बताया। सीएम योगी ने कहा, "जनपद आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।"

उन्होंने आगे कहा, "प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!"

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश के जनपद आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक छोटे लाल वर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों व उनके समर्थकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी विधायक छोटे लाल वर्मा के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि इस कठिन समय में उन्होंने विधायक के परिजनों से बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

पंकज चौधरी ने कहा कि किसी अपने को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। दुख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार छोटे लाल वर्मा के शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार तथा समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश विधानसभा की ओर से भी छोटेलाल वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।

यूपी विधानसभा के सोशल मीडिया 'एक्स' अकाउंट पर उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के लिए अपूरणीय क्षति बताया। पोस्ट में लिखा गया है कि जनसेवा के प्रति छोटे लाल वर्मा का समर्पण और अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के हितों के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह, भाजपा सांसद अरुण सिंह, नीरज सिंह, अदिति सिंह, दयाशंकर सिंह, नन्द किशोर गुप्ता 'नंदी' समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags