Samachar Nama
×

फारूक अब्दुल्ला का बयान गलत, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा: बृजभूषण शरण सिंह

फारूक अब्दुल्ला का बयान गलत, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा: बृजभूषण शरण सिंह
फारूक अब्दुल्ला का बयान गलत, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा: बृजभूषण शरण सिंह

गोंडा, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के बयान को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा। भारत किसी की दया पर नहीं है।

भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के बयान पर आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अब्दुल्ला वरिष्ठ नेता हैं लेकिन कभी-कभी पाकिस्तान के प्रति उनका लगाव साफ झलकने लगता है। उन्होंने कहा कि भारत किसी की दया पर निर्भर नहीं है बल्कि एक मजबूत और सनातन राष्ट्र है। भारत का अस्तित्व पिछले 50 या 100 वर्षों तक सीमित नहीं है।

बृजभूषण शरण सिंह ने जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि यह हमेशा भारत का हिस्सा रहेगा। उन्होंने कहा कि भले ही आज परिस्थितियां कुछ अलग हैं लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में लिए गए फैसलों के कारण स्थिति ऐसी बनी। अगर उस समय अलग निर्णय लिया गया होता, तो आज भारत का नक्शा और भूगोल कुछ और होता। उन्होंने कहा कि भारत की संसद, केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत सभी सरकारें जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा मानती हैं।

बता दें कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने उत्तर कश्मीर के बारामूला में एक पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाकर वहां के लोगों की आवाज उठा रहा है और उनकी रक्षा कर रहा है।

जामिया पोस्टर विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि देश विरोधी ताकतें सक्रिय होने की कोशिश कर रही हैं। देश के लोगों को यह पहचानने की जरूरत है कि ऐसे लोग किनके साथ खड़े दिखाई देते हैं। जिस दिन सुप्रीम कोर्ट का मार्च चल रहा था, उस दिन लोगों ने देखा होगा कि कौन किसके बगल में खड़ा था।

देश में लोगों को बांटने की राजनीति के सवाल पर भाजपा के पूर्व सांसद ने कहा कि भारत जैसे विविधता वाले देश में ऐसी राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकती। देश में अलग-अलग धर्मों के लोग रहते हैं और हजारों जातियां हैं। ऐसे में सभी को साथ लेकर चलना जरूरी है।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और एकता में है। देश में लंबे समय तक वही राजनीति सफल हो सकती है, जो सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के लोगों को साथ लेकर चले। लोगों को बांटकर राजनीति करने की कोशिश करने वालों को अंततः सफलता नहीं मिलेगी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story