फरीदाबाद: कार की एंबुलेंस से टक्कर, तीन महिलाएं घायल, ग्रामीणों ने घंटों लगाया जाम
फरीदाबाद, 11 नवंबर (आईएएनएस। फरीदाबाद के सदर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में बुधवार को तेज रफ्तार कार ने राधा स्वामी सत्संग की एंबुलेंस को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद कार सवार मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जांच जारी है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाएगी, जबकि पीड़ित पक्ष का पुलिस पर मिलीभगत करने का संगीन आरोप लगाया है।
इस हादसे में कलावती देवी के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी तरफ, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और करीब पांच घंटे तक पुलिस के बीच नोकझोंक होती रही।
पुलिस के काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
घायल सुमित्रा देवी के बेटे नरेंद्र ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे उनकी दादी कलावती देवी, मां सुमित्रा और सोमदेवी सत्संग से वापस गांव लौट रही थीं। राधा स्वामी सत्संग की एंबुलेंस उन्हें मिर्जापुर गांव के मोड़ पर उतार रही थी। इसी दौरान नीमका की तरफ से तेज रफ्तार में आई कार ने एंबुलेंस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कलावती देवी कार के नीचे फंस गईं। हादसे में तीनों महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। नरेंद्र के अनुसार, कार में तीन से चार लोग सवार थे, जो कथित तौर पर नीमका गांव के रहने वाले हैं। कार के अंदर से शराब की बोतलें भी मिली हैं।
आईएएनएस से बातचीत में नरेंद्र ने पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए, आरोपी यही आसपास के हैं, लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ नहीं रही है। पुलिस हमारे साथ नहीं है। मेरी मां और दादी की स्थिति अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।
मीडिया से बातचीत के दौरान आईएमटी चौकी इंचार्ज सत्यवीर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फरार कार सवारों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 112 पर कॉल मिली थी। मौके पर पहुंचे तो देखा कि यहां तो दुर्घटना हुई है। जिसमें तीन से चार लोग घायल हुए हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

