Samachar Nama
×

शादी की जिद में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर घुसा फैन, परिवार और पड़ोसियों ने की पिटाई; फुटेज में देंखे इलाज के दौरान युवक की मौत

शादी की जिद में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर घुसा फैन, परिवार और पड़ोसियों ने की पिटाई; फुटेज में देंखे इलाज के दौरान युवक की मौत

दिल्ली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर जबरन घुसे एक युवक की मारपीट के बाद मौत हो गई। युवक नेहा से शादी करने की जिद कर रहा था। इससे नाराज परिवार के सदस्यों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान अभिनव के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था और चेन्नई की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि अभिनव नेहा बिष्ट से एकतरफा प्यार करने लगा था। उसे इस बात की नाराजगी थी कि नेहा की शादी कहीं और तय हो गई है। हालांकि, नेहा उसे जानती तक नहीं थीं।

7 नवंबर को नेहा के घर पहुंचा था अभिनव

जानकारी के अनुसार, अभिनव 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में स्थित नेहा बिष्ट के घर पहुंचा था। उस समय नेहा घर पर ही मौजूद थीं। आरोप है कि अभिनव शराब के नशे में था और घर में जबरन घुस गया। इसके बाद वह नेहा से शादी करने की जिद करने लगा।युवक की इस हरकत से परिवार के सदस्य नाराज हो गए। इसके बाद परिवारवालों और कुछ पड़ोसियों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में अभिनव को गंभीर चोटें आईं। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर उसकी पीठ और दाएं पैर में गंभीर चोटें मिली थीं।

अस्पताल में 8 दिन तक चला इलाज, 15 नवंबर को मौत

घटना के बाद घायल अभिनव को दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। आखिरकार 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।इस मामले में 8 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने शुरुआती जांच और सामने आए तथ्यों के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। इसके बाद नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य आरोपियों की पहचान के लिए खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

पुलिस का कहना है कि मारपीट की घटना में कई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है। उनकी पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और किसकी क्या भूमिका रही।

इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स

नेहा बिष्ट सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। उनके इंस्टाग्राम खाते पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनकी रील्स पर लाखों की संख्या में लोग वीडियो देखते हैं। वह इन दिनों इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी सगाई और आने वाली शादी से जुड़े वीडियो साझा कर रही थीं।पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।

Share this story

Tags