मीनाक्षी शेषाद्रि की अभिनय की दुनिया में वापसी, बोलीं- 'अब अच्छे और चुनौतीपूर्ण किरदारों का है इंतजार'
मुंबई, 25 मई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि अभिनय की दुनिया में एक बार फिर से कदम रखने जा रही हैं। सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए न सिर्फ अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया बल्कि फिल्म मेकर्स के सामने काम करने की इच्छा भी जाहिर की।
अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर भावुक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, "मैं आप सभी के प्यार, हौसले और लगातार मिल रहे समर्थन के लिए तहेदिल से धन्यवाद देती हूं। 30 साल लंबे सफर के बाद मैं अपनी कर्मभूमि मुंबई वापस आ गई हूं। एक बार फिर, पूरी उम्मीद है कि जुनून और सकारात्मक सोच के साथ मैं मनोरंजन की दुनिया में कदम रख रही हूं।"
अभिनेत्री ने बातचीत में यह भी स्पष्ट किया कि वे अब अच्छे और अर्थपूर्ण काम के अवसरों का इंतजार कर रही हैं। किरदारों को लेकर अपनी पसंद बताते हुए उन्होंने कहा, "चाहे मुख्य भूमिका में हो, सहायक किरदार या फिर कोई छोटा सा रोल, मेरे लिए सबसे जरूरी यह है कि वह प्रभावशाली हो। फिल्में हों या ओटीटी शो, मैं ऐसे किरदार निभाना चाहती हूं, जो मुझे एक कलाकार के रूप में चुनौती दें।"
अभिनेत्री ने बताया कि उनके पास रोल को अच्छे से करने के लिए कई ऑफर आए लेकिन कुछ खास नहीं थे और कुछ पर बात आगे नहीं बढ़ पाई। खास बात यह है कि वे फिलहाल बिना किसी पीआर या टैलेंट एजेंसी के अपने दम पर काम के नए रास्ते तलाश रही हैं। उन्होंने कहा, "ऐसे समय में आपका साथ और समर्थन मेरे लिए बहुत मायने रखता है। हालांकि मेरा ठिकाना भारत में है लेकिन मैं अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने अमेरिका भी जाती रहती हूं और कभी-कभी दूसरी जगहों की यात्रा भी करती हूं।"
उन्होंने कहा, "मेरे प्यारे दोस्तों, मैं यहां किसी को कुछ साबित करने नहीं आई हूं। मैं सिर्फ अपने परिवार के प्यार और हौसले के साथ वही कर रही हूं, जिससे मुझे सच में खुशी मिलती है। अपने सभी चाहने वालों से मेरी बस यही गुजारिश है कि आप मुझे इसी तरह प्यार और समर्थन देते रहें, अपनी राय देते रहें और मेरा हौसला बढ़ाते रहें। आपका भरोसा और आशीर्वाद मुझे हर दिन आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

