फेसबुक पर हुई दोस्ती, मिलने पहुंची विवाहित महिला की ईंट से वार कर हत्या, दोस्त और उसका साथी हिरासत में
गाजियाबाद, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक विवाहित महिला की सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी गई। महिला अपने फेसबुक मित्र से मिलने उसके साथी के कमरे पर पहुंची थी। आरोप है कि वहां शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोस्त और उसके साथी ने कथित तौर पर महिला के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 28 वर्षीय पिंकी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थी और विवाहित थी। करीब चार-पांच महीने पहले पिंकी की फेसबुक के माध्यम से बुलंदशहर निवासी पिंटू नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार को पिंटू पिंकी से मिलने पहुंचा था। इसके बाद पिंकी लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी चौकी के अंतर्गत एक कमरे पर पहुंची। बताया जा रहा है कि वहां पिंटू का एक साथी भी मौजूद था। कमरे में तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिंकी की दोनों युवकों से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिंटू और उसके साथी ने पिंकी के सिर पर ईंट से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल, गिलास और अन्य सामान मिला है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि महिला के आने के बाद तीनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान विवाद हुआ और वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

