Samachar Nama
×

एफएए परीक्षा में धांधली पर भड़के कांग्रेस विधायक निजामुद्दीन भट, बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़

एफएए परीक्षा में धांधली पर भड़के कांग्रेस विधायक निजामुद्दीन भट, बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़
एफएए परीक्षा में धांधली पर भड़के कांग्रेस विधायक निजामुद्दीन भट, बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़

बडगाम, 21 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस विधायक निजामुद्दीन भट ने एफएए परीक्षा के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि नौकरियों की तलाश कर रहे युवाओं के साथ इस तरह का खिलवाड़ बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। युवाओं के साथ होने वाली ऐसी घटनाएं देश के लिए बर्बादी की निशानी हैं। उन्होंने कहा कि युवा अपनी जिंदगी की पूंजी और माता-पिता की वर्षों की मेहनत लगाकर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में यदि परीक्षा व्यवस्था में उनके साथ अन्याय होता है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पारदर्शी व्यवस्था की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए। साथ ही, सरकार और राजनीतिक दलों को संस्थानों की गरिमा बनाए रखने के लिए मजबूर होना चाहिए।

निजामुद्दीन भट ने कहा कि यह समस्या केवल कश्मीर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अब लोग खुद इस मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं। लोगों को असल ताकत का स्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी आवाज सुनी जाएगी और वे स्वयं पारदर्शी व्यवस्था के लिए प्रयास करेंगे। जब जनता अपनी आवाज बुलंद करती है तो सरकारों और राजनीतिक दलों पर व्यवस्था को साफ-सुथरा रखने और संस्थानों का सम्मान करने का दबाव बनता है। उन्होंने आगाह किया कि यदि ऐसा नहीं होता है तो किसी भी देश की व्यवस्था का परिणाम बर्बादी के रूप में सामने आ सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसी स्थिति पैदा न हो।

दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में पाकिस्तानी मंत्री की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस विधायक ने कहा कि इस विषय पर टिप्पणी करना उनके लिए उचित नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने दोनों देशों को आपसी दोस्ती और शांति की दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह जरूरी है कि पड़ोसी देशों के साथ उसके रिश्ते अच्छे हों। दुश्मनी के बजाय शांति का माहौल होना चाहिए। अच्छे संबंधों से ही क्षेत्र में विकास और लोगों की सुविधाओं का रास्ता खुल सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत एक वैश्विक खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंध जरूरी हैं। शांति के माहौल में ही लोग बेहतर जीवन जी सकते हैं। सभ्यता का उद्देश्य भी लोगों को ऐसे वातावरण तक पहुंचाना है, जहां शांति और अच्छे ताल्लुकात कायम हों।

सोनिया गांधी की किताब फाड़े जाने के मामले पर निजामुद्दीन भट ने आरएसएस की विचारधारा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरएसएस नफरत और विभाजन की राजनीति करता है और विरोधियों को दबाने की कोशिश करता है। उसमें असहमति बर्दाश्त करने की क्षमता नहीं है और वे ताकत का गलत इस्तेमाल करते हैं। ऐसी गतिविधियों से भारत की छवि, संस्कृति और इतिहास को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। भट ने आगे कहा कि अब देश ऐसी चीजों के खिलाफ प्रतिरोध कर रहा है। सोनिया गांधी की किताब फाड़ने से कुछ हासिल नहीं होगा। किताब फाड़ने वालों की कोशिशों के बावजूद देश अपने पहले से पहचाने जाने वाले इतिहास और संस्कृति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story