Samachar Nama
×

एफ1 चैंपियन नॉरिस ने किया खुलासा, मैकलारेन के साथ कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने से पहले मिले थे कई अन्य ऑफर

एफ1 चैंपियन नॉरिस ने किया खुलासा, मैकलारेन के साथ कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने से पहले मिले थे कई अन्य ऑफर
एफ1 चैंपियन नॉरिस ने किया खुलासा, मैकलारेन के साथ कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने से पहले मिले थे कई अन्य ऑफर

नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। फॉर्मूला 1 चैंपियन लैंडो नॉरिस ने बताया है कि मैकलारेन (पपाया टीम) के साथ कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने से पहले उनके पास दूसरे ऑफर भी थे। इस नए कॉन्ट्रैक्ट के तहत, ब्रिटेन के ड्राइवर नॉरिस 2030 के आखिर तक 'पपाया टीम' के लिए रेस करेंगे।

हंगरी और नीदरलैंड में पिछली दोनों रेस जीतने वाले नॉरिस ने इटैलियन जीपी से पहले मैकलारेन के साथ कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया। उन्होंने टीम को अपना घर बताया और कहा कि वह इस विस्तार से बहुत खुश हैं। ब्रिटिश ड्राइवर ने अब खुलासा किया है कि वोकिंग-बेस्ड टीम के साथ कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने से पहले उनके पास दूसरे मौके भी थे। 'स्काई स्पोर्ट्स' के अनुसार, उन्होंने कहा, "बेशक, मौके थे। हालांकि, कुछ अच्छे मौके कभी-कभी जोखिम भरे भी होते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं ऐसा ड्राइवर हूं जो तुरंत सफलता के बजाय एक-दो मुश्किल साल बिताना पसंद करेगा - जैसा कि मैंने कुछ साल पहले मैकलारेन के साथ किया था। हालांकि, मैं हर साल जीतना चाहता हूं, लेकिन सब कुछ इस बारे में नहीं है कि मुझे कल ही ऐसी टीम के साथ होना चाहिए जो अगली रेस जीते और ये-वो सब करे।"

नॉरिस ने बताया कि वह 'पपाया टीम' के साथ तब भी बने रहे जब वे ज्यादा जीत नहीं रहे थे। उन्होंने उन लोगों की तारीफ की जिनके साथ वह काम करते हैं, जिनमें बॉस जैक ब्राउन और एंड्रिया स्टेला शामिल हैं। "इसका एक बड़ा हिस्सा यह भी है कि क्या मैं खुश हूं? मैं मैकलारेन के साथ तब भी खुश था जब हम जीत नहीं रहे थे, क्योंकि मुझे अभी भी एक शानदार मौका मिला हुआ है और मैं वह काम कर पा रहा हूं जिसे मैं पसंद करता हूं, साथ ही यात्रा और बाकी चीजें भी कर रहा हूं। इसी वजह से मेरे लिए सब कुछ सिर्फ बेहतरीन प्रदर्शन के बारे में नहीं है। इसका एक बड़ा हिस्सा वे लोग हैं जिनके साथ मैं काम करता हूं। बस यह एहसास कि मैं घर पर हूं और इसका मजा ले रहा हूं।"

लैंडो नोरिस से पूछा गया कि क्या वह भविष्य में फेरारी या मर्सिडीज जैसी टीमों के लिए ड्राइव कर सकते हैं, जैसा कि लुईस हैमिल्टन ने अपने करियर में किया था। इस पर नोरिस ने किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने मौजूदा काम और टीम पर है। नोरिस ने भविष्य को लेकर कोई बड़ा बयान नहीं दिया, लेकिन यह भी साफ किया कि वह अभी अन्य टीमों में जाने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उनका फोकस अभी अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने और मौजूदा टीम के साथ सफलता हासिल करने पर है।

उन्होंने कहा, "यह ऐसी चीज नहीं है जिसके बारे में मैं अभी सोचना चाहता हूं। बचपन से ही आप हमेशा खुद को अलग-अलग स्थितियों में देखते हैं। मेरा सपना हमेशा मैकलारेन के साथ रहने का था। इसी वजह से मुझे लगता है कि मैं अभी बहुत अच्छी स्थिति में हूं। मगर आप हमेशा चीजों के दूसरे पहलू का अनुभव करना चाहते हैं, चाहे वह फेरारी हो या मर्सिडीज। यह इंसानी फितरत है। मुझे लगता है कि आप यह अनुभव करना चाहते हैं कि इस स्थिति और उस स्थिति में कैसा लगता है। इसके साथ ही, दूसरी टीमों का इतिहास भी। यह बात कि लुईस भी मैकलारेन से मर्सिडीज और फिर फेरारी गए, मुझे लगता है कि यह भी बहुत बढ़िया है कि आप अलग-अलग चीजें आजमाते हैं और अलग-अलग अनुभव लेते हैं।"

नोरिस ने आगे कहा, "यह थोड़ा इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपने करियर में क्या हासिल करना चाहते हैं। क्या आप हर साल बड़ी कामयाबी चाहते हैं? या आप बस यह अनुभव करना चाहते हैं कि किसी दूसरी टीम में जाने और फेरारी या मर्सिडीज का अनुभव लेने में कैसा लगता है? फिलहाल, मैं कहूंगा कि मैं इसके बारे में नहीं सोच रहा हूं। हालांकि, 2030 के आखिर में मुझसे फिर पूछना।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags