मैक्रों के दमिश्क दौरे के बीच सीरिया में धमाके, फुटेज में देंखे फोर सीजंस होटल से 125 मीटर दूर हुए दो ब्लास्ट; 18 घायल
सीरिया की राजधानी दमिश्क में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के बीच मंगलवार को दो धमाकों से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये विस्फोट उस इलाके में हुए जहां मैक्रों ठहरे हुए थे। धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, मैक्रों जिस Four Seasons Hotel Damascus में ठहरे थे, वहां से करीब 125 मीटर की दूरी पर दो ब्लास्ट हुए। धमाकों की आवाज के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, फ्रांस के राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके कार्यक्रम पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
धमाकों में 18 लोग घायल, चार पुलिसकर्मी शामिल
सीरियाई मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इन धमाकों में कुल 18 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में भारी धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं।
धमाकों के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाकों के पीछे किसका हाथ था और इसका मकसद क्या था।
मैक्रों पहले ही होटल से निकल चुके थे
फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय Élysée Palace ने जानकारी दी कि इमैनुएल मैक्रों धमाकों के समय पूरी तरह सुरक्षित थे। बताया गया कि विस्फोट होने से पहले ही मैक्रों अपने काफिले के साथ सीरियाई राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए रवाना हो चुके थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, धमाकों की आवाज तक मैक्रों के काफिले को नहीं सुनाई दी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद तय कार्यक्रम को जारी रखा।
सीरियाई राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए पहुंचे थे मैक्रों
इमैनुएल मैक्रों सोमवार को दमिश्क पहुंचे थे। उनका यह दौरा सीरिया के साथ कूटनीतिक संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान मैक्रों ने सीरियाई नेतृत्व के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
धमाकों के बावजूद फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल ने अपना कार्यक्रम जारी रखा। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मैक्रों के दौरे के दौरान हुए इन धमाकों ने सीरिया में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी दमिश्क में विदेशी नेताओं की मौजूदगी के बीच इस तरह की घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
फिलहाल जांच एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं और धमाकों की प्रकृति का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ये विस्फोट किस वजह से हुए और इसके पीछे कोई आतंकी साजिश थी या कोई अन्य कारण।

