मुंबई में एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर साहिल पर हमले का दावा, वीडियो में बोले- 12 लोगों ने घेरा; चेहरे पर चोट और खून दिखाकर मांगी कार्रवाई
एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर और एक्टिविस्ट साहिल ने दावा किया है कि शनिवार रात मुंबई में करीब 12 लोगों ने उन पर हमला किया। साहिल के मुताबिक, यदि वह मौके से भागने में कामयाब नहीं होते तो हमलावर उनकी जान ले सकते थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, मुंबई पुलिस की ओर से उनके दावे पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।साहिल ने आरोप लगाया कि हमलावर धारावी इलाके के रहने वाले मुस्लिम समुदाय के लोग थे। उन्होंने दावा किया कि ये लोग इस्लाम को लेकर उनके विचारों से नाराज थे। साहिल के अनुसार, वह कुछ नए दोस्तों के साथ मुंबई के वाशी इलाके में गए थे। इसी दौरान धारावी के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
चेहरे पर खून और हाथ की चोट दिखाई
सोशल मीडिया पर लाइव के दौरान साहिल ने अपने चेहरे पर लगा खून और हाथ में आई चोट दिखाते हुए घटना का विवरण दिया। उन्होंने दावा किया कि हमलावर उन्हें मारना चाहते थे और किसी तरह वहां से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई।साहिल ने कहा कि वह इस घटना के बाद भी अपनी बात रखना बंद नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "अब साहिल नहीं रुकेगा। इस्लाम की हकीकत लोगों को बताएगा।" उन्होंने हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की।
एक्स-मुस्लिमों की सुरक्षा पर उठाए सवाल
साहिल ने घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि मुंबई ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में एक्स-मुस्लिम सुरक्षित नहीं हैं। उनका कहना है कि धर्म को लेकर अपने विचार रखने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि, हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
छह साल से सोशल मीडिया पर सक्रिय थे साहिल
साहिल पिछले करीब छह साल से एक्स-मुस्लिम एक्टिविस्ट के तौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे हैं। इस दौरान वह इस्लाम और धार्मिक मान्यताओं को लेकर अपने विचार सार्वजनिक रूप से रखते रहे। अक्टूबर 2025 में उन्होंने एक्टिविज्म छोड़ने और दोबारा इस्लाम में लौटने की बात कही थी।फिलहाल इस कथित हमले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। घटना की शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसकी भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही हमले की परिस्थितियों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

