एग्जिट पोल पर बंगाल भाजपा अध्यक्ष बोले, 4 मई को जीत की खुशी मनाएंगे कार्यकर्ता
कोलकाता, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बंगाल चुनाव संपन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल पर कुछ भी कहने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल पर अभी कुछ भी नहीं कह सकते हैं लेकिन 4 मई को मिठाई खाने के लिए तैयार रहें।
कोलकाता में आईएएनएस से बातचीत में समिक भट्टाचार्य ने कहा कि इस बार का विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यदि छोटी-मोटी छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो स्वतंत्र भारत के इतिहास में पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐसा शांतिपूर्ण चुनाव शायद ही पहले देखा हो। समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार, नेता या मुख्यमंत्री के परिवर्तन के लिए नहीं था, बल्कि यह पश्चिम बंगाल की गरिमा, अस्मिता, संस्कृति, व्यापार और शिक्षा को तृणमूल कांग्रेस द्वारा खत्म किए जाने से वापस लाने का चुनाव था। परिवर्तन की चाहत तीन महीने पहले से जनता के मन में थी।
उन्होंने पूछा कि अगर किसी सरकार में इच्छाशक्ति हो तो पश्चिम बंगाल में भी बिहार और उत्तर प्रदेश जैसी शांतिपूर्ण चुनावी संस्कृति स्थापित की जा सकती है। वोटिंग प्रतिशत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। कोलकाता में इस बार 83-84 प्रतिशत रहा जबकि अन्य जिलों में अच्छा मतदान दर्ज किया गया।
एग्जिट पोल को लेकर समिक भट्टाचार्य ने कहा कि हम एग्जिट पोल पर कुछ नहीं कहना चाहते। हम तो हरियाणा और दिल्ली के एग्जिट पोल भी देख चुके हैं कि उनका क्या परिणाम हुआ।
उन्होंने कहा कि 4 मई को शाम 5 बजे सभी को आमंत्रित करते हैं कि आएं, हमारे साथ मिठाई खाएं और चाय पिएं। टैपिंग और वोट डालने नहीं देने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की जानकारी चुनाव आयोग को दी गई है।
समिट भट्टाचार्य ने कहा टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने सरकारी कर्मचारियों के बड़े पैमाने पर स्थानांतरण को लेकर याचिका दायर की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कल्याण बनर्जी का ट्रैक रिकॉर्ड सरकारी मामलों में अच्छा है लेकिन उनकी स्ट्राइक रेट पर सवाल उठता ही है।
बताते चलें कि बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरण में मतदान संपन्न हो चुका है और 4 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा। वोटिंग संपन्न होने के बाद आए कई एग्जिट पोल में बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया गया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

