ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 30 सीनियर रेजिडेंट्स पदों पर निकली वैकेंसी, 27 अक्टूबर को वॉक-इन इंटरव्यू
पटना, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा (पटना) ने संविदा के आधार पर एक वर्ष की अवधि के लिए अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट्स और सुपर स्पेशलिस्ट सीनियर रेजिडेंट्स के कुल 30 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक विज्ञापन प्रकाशित किया है।
ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा की ओर से अपने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट्स के कुल 30 पदों पर वैकेंसी निकली है, उनमें एनेस्थिसियोलॉजी में 6, पैथोलॉजी में 1, जनरल मेडिसिन में 2, ओबीजीवाई (प्रसूति एवं स्त्री रोग) में 1, डर्मेटोलॉजी में 1, फार्माकोलॉजी में 2, पीडियाट्रिक्स में 1, रेडियोलॉजी में 2, जनरल सर्जरी में 1, एनाटॉमी में 1, एफएमटी में 2, सर्जिकल सुपर स्पेशलिटी के साथ एनेस्थिसियोलॉजी में 1, बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी में 1, कार्डियोलॉजी में 1, हेमेटोलॉजी में 1, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में 1, मेडिकल ऑन्कोलॉजी में 1, नेफ्रोलॉजी में 1, न्यूरोलॉजी में 1, पीडियाट्रिक सर्जरी में 1 और यूरोलॉजी में 1 पद शामिल है।
सीनियर रेजिडेंट्स के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
वॉक-इन इंटरव्यू 27 अक्टूबर को 'कॉलेज काउंसिल रूम, कॉलेज बिल्डिंग, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, बिहटा, पटना - 801103' पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 से 11 बजे के बीच तय किया है। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित स्पेशलिटी में एमडी/एमएस/डीएनबी, सुपर स्पेशलिटी विभाग के लिए डीएम/एमसीएच, 'मेडिकल संस्थानों में शिक्षकों की पात्रता योग्यता संबंधी विनियम, 2025' के अनुसार पात्रता, एनएमसी/राज्य मेडिकल काउंसिल का वैध पंजीकरण होना चाहिए। वहीं, जो उम्मीदवार अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें साक्षात्कार से पहले पास होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/ईएसआईसी (नियमित कर्मचारी)/महिला/रक्षा पूर्व-सैनिक/पीएच दिव्यांग उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

