Samachar Nama
×

इंग्लैंड की लेग स्पिनर सारा ग्लेन की हुई ब्रिस्बेन हीट में वापसी, पूरे सीजन के लिए रहेंगी उपलब्ध

इंग्लैंड की लेग स्पिनर सारा ग्लेन की हुई ब्रिस्बेन हीट में वापसी, पूरे सीजन के लिए रहेंगी उपलब्ध
इंग्लैंड की लेग स्पिनर सारा ग्लेन की हुई ब्रिस्बेन हीट में वापसी, पूरे सीजन के लिए रहेंगी उपलब्ध

ब्रिस्बेन, 2 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड की लेग-स्पिनर सारा ग्लेन ने आगामी विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) सीजन के लिए ब्रिस्बेन हीट के साथ फिर से करार किया है। वह टूर्नामेंट के नए 'डायरेक्ट साइनिंग सिस्टम' के तहत कॉन्ट्रैक्ट पाने वाली पहली विदेशी खिलाड़ी बन गई हैं।

29 अक्टूबर से 5 दिसंबर तक चलने वाले नए सीजन से पहले डब्ल्यूबीबीएल ने विदेशी खिलाड़ियों के लिए 'ओवरसीज ड्राफ्ट सिस्टम' को खत्म करके 'डायरेक्ट मल्टी-ईयर' और 'सिंगल-ईयर कॉन्ट्रैक्ट' का सिस्टम अपनाया है। इसके तहत सारा का कॉन्ट्रैक्ट सबसे पहले फाइनल हुआ है।

क्लब की ओर से जारी बयान में हेड कोच मार्क सोरेल ने कहा, हम सारा ग्लेन की वापसी से बहुत खुश हैं, और इस बार वह पूरे टूर्नामेंट के लिए हमारे साथ होंगी। वह एक बेहतरीन इंसान और शानदार टीम प्लेयर हैं। जैसा कि हमने देखा है, वह बहुत कुशल गेंदबाज हैं और हम उनसे जो भी भूमिका निभाने को कहेंगे, उसमें वह हमारे गेंदबाजी अटैक को मजबूती देंगी। मैं साल भर से उनकी गेंदबाजी पर नजर रख रहा हूं। यॉर्कशायर और 'द हंड्रेड' में सदर्न ब्रेव के लिए उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।"

27 वर्षीय सारा ने एक साल का करार किया है, जिसके चलते वह पूरे डब्ल्यूबीबीएल सीजन में टीम के लिए उपलब्ध रहेंगी। हीट के साथ यह उनका तीसरा मौका होगा। इससे पहले वह डब्ल्यूबीबीएल के नौवें सीजन में इस टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा, 2025 में एक खिलाड़ी के चोटिल होने पर रिप्लेसमेंट के तौर पर भी वह हिट की ओर से खेल चुकी हैं।

पिछले साल ब्रिस्बेन हीट के लिए बिना जीत वाले सीजन के दौरान वह एक उम्मीद की किरण साबित हुई थीं। वह साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नादिन डी क्लर्क की जगह टीम में शामिल हुई थीं। उन्होंने सिर्फ दो मैचों में 10.66 की औसत से छह विकेट लिए और बाएं हाथ की तेज गेंदबाज़ लुसी हैमिल्टन के बाद टीम के लिए दूसरी सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं।

सारा ने इंग्लैंड के लिए 73 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 16.48 की औसत और 6.05 की इकॉनमी रेट से 89 विकेट लिए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने 19 वनडे मैचों में 23 विकेट भी लिए हैं। अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण वह इस साल इंग्लैंड में हुए टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई थीं, लेकिन हाल ही में उन्होंने घरेलू काउंटी क्रिकेट में यॉर्कशायर और 'द हंड्रेड' में सदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए वापसी की है।

सारा ग्लेन के टीम में बने रहने से ब्रिस्बेन की टीम को काफी मजबूती मिलेगी, जो डब्ल्यूबीबीएल के इतिहास में बिना कोई मैच जीते पूरा सीजन बिताने वाली पहली टीम बनने के बाद फिर से खुद को तैयार करने की कोशिश कर रही है। इस साल 'हीट' टीम की कमान भी एक नए कप्तान के हाथों में होगी, क्योंकि लंबे समय तक कप्तान रहीं जेस जोनासेन ने पद छोड़ दिया है। हालांकि, जेस टीम का हिस्सा बनी रहेंगी और एक मजबूत व विविध स्पिन अटैक में सारा और चार्ली नॉट की ऑफ स्पिन गेंदबाजी के साथ मिलकर खेलेंगी।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story