इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड: डकेट-बेथेल की शानदार बल्लेबाजी, दूसरे दिन इंग्लैंड की वापसी
नॉटिंघम, 26 जून (आईएएनएस)। मेजबान इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध ट्रेंट ब्रिज में जारी टेस्ट सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में शानदार वापसी की है। कीवी टीम ने अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 2 विकेट खोकर 223 रन बना लिए हैं। यहां से इंग्लैंड 215 रन पीछे है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को सलामी जोड़ी के रूप में टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे की जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 317 रन जोड़े।
लैथम 15 चौकों के साथ 151 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कॉन्वे ने 22 चौकों और 3 छक्कों के साथ 157 रन बनाए। इसके बाद हेनरी निकोल्स (36) ने रचिन रवींद्र (7) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
इंग्लैंड की तरफ से कप्तान बेन स्टोक्स ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर और शोएब बशीर ने 2-2 विकेट निकाले। जो रूट और गस एटकिंसन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में इंग्लैंड ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 45 ओवरों का सामना किया। इंग्लिश टीम को महज 8 के स्कोर पर एमिलियो के रूप में शुरुआती झटका लगा, जो अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद बेन डकेट ने जैकब बेथेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 179 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। डकेट 99 गेंदों में 19 चौकों के साथ 113 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से जो रूट ने बेथेल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाज दिन की समाप्ति तक तीसरे विकेट के लिए 36 रन जुटा चुके हैं। बेथेल 9 चौकों के साथ 74 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि रूट ने 21 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं। मेहमान टीम की तरफ से नाथन स्मिथ और विलियम ओ'रूर्के ने 1-1 विकेट हासिल किए हैं।
इंग्लैंड ने सीरीज के पहले मैच को पारी और 115 रन से अपने नाम किया। इसके बाद न्यूजीलैंड ने अगला मैच 253 रन से जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली। ऐसे में तीसरा मैच निर्णायक है, जिसे जीतने वाले टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी।
--आईएएनएस
आरएसजी

