इंजीनियरिंग उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी, जीपीएससी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सहित 103 पदों पर भर्ती, आवेदन शुरू
गांधीनगर, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। गुजरात लोक सेवा आयोग (जीपीएससी) ने एक्जीक्यूटिव इंजीनियर और डिप्टी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के विभिन्न 103 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
जीपीएससी ने जिन 103 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल), श्रेणी I (नर्मदा, जल संसाधन, जल आपूर्ति और कल्पसर विभाग) के 15; एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल), श्रेणी I (सड़क और भवन विभाग) के 10; डिप्टी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल), श्रेणी II (नर्मदा, जल संसाधन, जल आपूर्ति और कल्पसर विभाग) के 60; और डिप्टी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल), श्रेणी II (सड़क और भवन विभाग) के 18 पद शामिल हैं।
जीपीएससी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया बुधवार, 1 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग (सिविल) या टेक्नोलॉजी (सिविल) में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 साल और अधिकतम आयु 35 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 15 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ईडब्ल्यूएस/एसईबीसी के लिए 100 रुपए है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग/पूर्व सैनिक/महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रीलिमिनरी परीक्षा, मेंस परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 53,100 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। वहीं, जीपीएससी की ओर से प्रीलिमिनरी परीक्षा का आयोजन 10 मई और मेंस परीक्षा का आयोजन 19 जुलाई से 22 जुलाई के बीच होने की संभावना है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले गुजरात लोक सेवा आयोग (जीपीएससी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

