Samachar Nama
×

एक व्यक्ति के नाम पर चार-चार वोटर कार्ड, बुलंदशहर की वोटर लिस्ट को लेकर सपा ने लगाया धांधली का आरोप

बुलंदशहर, 23 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) ने मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में धांधली का आरोप लगाया है। पार्टी ने दावा किया है कि जनपद बुलंदशहर में वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर फर्जी वोटों का मामला सामने आया है। जिले की विभिन्न विधानसभाओं में हजारों फर्जी वोट पाए गए हैं। एक ही व्यक्ति के नाम पर चार-चार वोटर कार्ड बनाए गए हैं।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष मतलूब अली और प्रदेश सचिव गजराज सिंह नागर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर निर्वाचन आयोग, जिला प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बुलंदशहर जिले में 21 से 22 हजार फर्जी वोट पाए गए हैं।

जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "शिकारपुर विधानसभा में बूथ नंबर 179, क्रमांक 428 पर राहुल कुमार (29 वर्ष), पिता राजेंद्र सिंह, निवासी हाउस नंबर 72 दर्ज हैं। ठीक इसी तरह, बूथ नंबर 332, 347 और 381 पर भी यही नाम, यही पिता का नाम और यही उम्र दर्ज है। यह इत्तेफाक नहीं हो सकता।"

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे जिले में 20 से 25 हजार तक डुप्लीकेट वोटर एंट्रीज मिली हैं। एसआईआर के दौरान निर्वाचन आयोग ने पारदर्शिता का दावा किया था, लेकिन हकीकत इसके उलट निकली है।

सपा प्रदेश सचिव गजराज सिंह नागर ने कहा, "यह समस्या केवल बुलंदशहर तक सीमित नहीं है। पूरे प्रदेश की हर विधानसभा में ऐसी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। हमारी टीम हर जगह सक्रिय है। इस बार हम वोटर लिस्ट का पूरा पर्दाफाश करेंगे और एक-एक फर्जी वोट को सही करवाए बिना चैन से नहीं बैठेंगे।"

नागर ने आगे बताया कि बुलंदशहर की हर विधानसभा में औसतन 21-22 हजार फर्जी वोटों का आंकड़ा सामने आ रहा है। आने वाले 3-4 दिनों में वे विधानसभा-वार विस्तृत आंकड़े जारी करेंगे।

समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर फर्जी वोटर लिस्ट की पीडीएफ भेजने का ऐलान किया है। मतलूब अली ने कहा, "अगर गड़बड़ियां नहीं सुधारी गईं तो हम अपने ब्लॉक अध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों और बीएलए के साथ बूथ स्तर पर सत्यापन करेंगे। जहां धांधली मिलेगी, वहां बीएलओ और सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।"

सपा नेताओं ने कहा कि वोटर लिस्ट में फर्जी नाम डालकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। वे इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे और निर्वाचन आयोग के समक्ष भी मामला रखेंगे।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम

Share this story

Tags