Samachar Nama
×

एक दिन पहले भारत से निखिल का मैच देखने पहुंचे थे माता-पिता, ऑस्ट्रेलिया की जीत में बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'

एक दिन पहले भारत से निखिल का मैच देखने पहुंचे थे माता-पिता, ऑस्ट्रेलिया की जीत में बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
एक दिन पहले भारत से निखिल का मैच देखने पहुंचे थे माता-पिता, ऑस्ट्रेलिया की जीत में बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'

मेलबर्न, 21 नवंबर (आईएएनएस)। निखिल चौधरी के ऑलराउंडर प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को इंग्लैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज का पहला मैच 3 विकेट से अपने नाम किया। 2 विकेट लेने के साथ 66 रन बनाने वाले निखिल चौधरी 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए। नई दिल्ली में जन्मे निखिल ने बताया कि उनके माता-पिता शुक्रवार को भारत से उनका मैच देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे।

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से घरेलू मैदान पर पहला मैच खेलने पर निखिल ने कहा, "ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना हमेशा खास होता है। मेरी पहली सीरीज बांग्लादेश में थी, जो काफी अच्छी रही। हमने वह सीरीज 3-0 से जीती थी, लेकिन मेरी हमेशा इच्छा थी कि ऑस्ट्रेलिया में घरेलू मैदान पर खेलूं और एमसीजी में खेलकर टीम को जीत दिलाने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता।"

नई दिल्ली में जन्मे निखिल ने 4 ओवरों में 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा, जैक एडवर्ड्स ने भी 2 विकेट चटकाए। इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 9 विकेट खोकर 187 रन बनाए। अपनी गेंदबाजी को लेकर निखिल चौधरी ने कहा, "जोएल (डेविस) ने पहला ओवर बहुत अच्छी तरह से शुरू किया और उन्होंने मुझे सही लेंथ और लाइन के बारे में संकेत दिया। इसके बाद मेरी कोशिश शुरुआत में लगातार स्टंप्स पर गेंद डालने की थी। हैरी का बड़ा विकेट मिलना शानदार शुरुआत थी। मेरा मुख्य लक्ष्य पांच से छह मीटर की लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए विकेटों पर निशाना साधना था।"

इसके बाद निखिल चौधरी ने 38 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 66 रन की पारी खेली। इस दौरान मिचेल मार्श के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन, जबकि टिम डेविड के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

दबाव में बल्लेबाजी और मैदान पर होने वाली छींटाकशी को लेकर निखिल चौधरी ने कहा, "आप जानते हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ हमेशा बड़ा मैच होता है, इसलिए कुछ नोकझोंक होना स्वाभाविक है। ऐसे समय में आपको शांत रहते हुए अपने खेल पर ध्यान देना होता है। मैंने क्रीज पर वही किया और टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया, जिससे बहुत अच्छा लगा।"

साल 2017 से 2019 तक पंजाब के लिए 12 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच और 2 विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबले खेल चुके निखिल से जब पूछा गया कि दिल्ली में जन्म लेने के बाद क्या उन्होंने कभी सोचा था कि एक दिन एमसीजी में ऑस्ट्रेलिया के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनेंगे? इसके जवाब में निखिल ने कहा, "नहीं, बिल्कुल नहीं। मैंने कभी इसकी कल्पना नहीं की थी। मेरे माता-पिता कल रात ही भारत से यहां पहुंचे हैं। उनके सामने खेलना और ऑस्ट्रेलिया के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनना मेरे लिए बेहद खास पल है। यह पहली बार भी है, जब वे मुझे स्टेडियम में खेलते हुए देख रहे हैं।"

वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का अगला मुकाबला 24 नवबंर को क्वींसलैंड में खेला जाना है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story