दिल्ली-एनसीआर रेड जोन में; फिर बिगड़ी हवा, कोहरे और गलन से बढ़ी परेशानी
नोएडा, 3 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मिली महज एक दिन की राहत के बाद वायु गुणवत्ता एक बार फिर गंभीर रूप से बिगड़ गई है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) रेड जोन में पहुंच गया है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी), दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) और यूपीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार कई इलाकों में एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 334, चांदनी चौक में 323, नेहरू नगर में 329, ओखला फेज-2 में 310, पटपड़गंज में 301 और आर.के.पुरम में 300 दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में एक्यूआई 298, रोहिणी में 281 और अशोक विहार में 287 रहा। वहीं आयानगर में एक्यूआई 149 और पूसा (आईएमडी) में 187 दर्ज किया गया, जो अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति दर्शाता है।
गाजियाबाद के हालात भी चिंताजनक बने हुए हैं। इंदिरापुरम में एक्यूआई 332, लोनी में 314 और वसुंधरा में 318 रिकॉर्ड किया गया। नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 304, सेक्टर-1 में 307 और सेक्टर-116 में 294 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-62 में एक्यूआई 231 रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक हालात में बड़े सुधार की संभावना नहीं है। 3 फरवरी को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते दृश्यता काफी कम रही। उस दिन अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 4 और 5 फरवरी को मध्यम कोहरा रहने और तापमान 21 डिग्री अधिकतम तथा 9 डिग्री न्यूनतम दर्ज किए जाने की संभावना है। 6, 7 और 8 फरवरी को भी सुबह के समय मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान है।
इन दिनों अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री और न्यूनतम 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी चेतावनी को जारी नहीं किया है, लेकिन सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ तौर पर देखा जा रहा है। ठंडी हवाओं, कोहरे और कम गति की हवा के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ही फंसे हुए हैं, जिससे वायु गुणवत्ता और खराब हो रही है। आने वाले दिनों में एनसीआर के लोगों को सुबह के समय कोहरा और पूरे दिन गलन भरी ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस

