एक एक्टर के तौर पर आप कम स्क्रीन टाइम पर भी गहरा प्रभाव डाल सकते हैं : विजय विक्रम सिंह
मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता और वॉयस आर्टिस्ट विजय विक्रम सिंह ‘बिग बॉस’ में अपनी आवाज से घर-घर में खास पहचान रखते हैं। अभिनेता का मानना है कि एक एक्टर के लिए स्क्रीन टाइम कभी भी रोल को चुनने का पैमाना नहीं होता है।
अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि एक एक्टर के लिए सबसे ज्यादा जरूरी होता है कि वह छोटे से रोल से भी प्रभाव डाल सके। उन्होंने कहा, "मेरे लिए, किसी किरदार के नैरेटिव फंक्शन को समझना हमेशा जरूरी होता है। अगर कहानी उस किरदार के बिना आगे नहीं बढ़ती है, तो किरदार जरूरी है, चाहे वह एक सीन में हो या कई सीन में। कभी-कभी, आप बस कुछ मिनटों के लिए दिखाई दे सकते हैं और एक स्थायी असर डाल सकते हैं। यह कहानी में किरदार की अहमियत पर निर्भर करता है।"
अभिनेता ने आगे बातचीत में अपने आगामी प्रोजेक्ट के बारे में बताते हुए कहा, "अभी तक निर्देशक और कास्टिंग डायरेक्टर्स ने मुझे बस सीरियस किरदारों के लिए चुना है, लेकिन अभी एक वेब सीरीज 'रंगीन' आई थी, जिसमें मुझे मेरा कनपुरिया अंदाज और मेरा नेगेटिव शेड दिखाया गया था। अब हम कोशिश कर रहे हैं कि जो इमेज मेरी बन गई है उसी के अंदर रहकर थोड़ा अलग-अलग किरदार करें। एक फिल्म में मैं डॉक्टर का रोल कर रहा हूं, दूसरी फिल्म में मैं डीन बना हूं, और एक वेब सीरीज में मैं फौजी के किरदार में नजर आऊंगा। तो बस इसी तरह के किरदारों में थोड़ा बदलाव करके एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं।"
अभिनेता विजय विक्रम ने बताया कि लोगों को लगता है कि वे गंभीर किस्म के इंसान हैं, लेकिन वे चंचल स्वभाव के हैं।
अभिनेता से आगे आईएएनएस ने पूछा, "क्या आपको लगता है कि आज की इंडस्ट्री में, टैलेंट से ज्यादा विजिबिलिटी जरूरी हो गई है?"
विजय विक्रम सिंह ने कहा, "शायद मैं इस सवाल का जवाब देने के लिए गलत इंसान हूं क्योंकि विजिबिलिटी के बिना भी मुझे अच्छा काम मिला है। पूरे करियर में मैं ज्यादा सोशल मीडिया एक्टिव नहीं रहा हूं, लेकिन फिर भी अच्छे फॉलोअर्स और अच्छा काम मिल रहा है। इसलिए मुझे नहीं लगता है कि विजिबिलिटी जरूरी है।"
उन्होंने कहा, "हां, विजिबिलिटी इस मायने में जरूरी है कि आपको कास्टिंग डायरेक्टर्स और डायरेक्टर्स के दिमाग में फ्रेश रहना होगा। आपको एक खास लेवल की विजिबिलिटी बनाए रखने की जरूरत है। यह अलग-अलग तरीकों से आ सकती है। आप उन्हें कॉल, मैसेज या बात कर सकते हैं और उनके दिमाग में एक टॉप-ऑफ-माइंड रिकॉल बना सकते हैं। आप हर दिन इंटरनेट या अखबारों में आए बिना भी अपनी विजिबिलिटी बनाए रख सकते हैं।"
--आईएएनएस
एनएस/एएस

