Samachar Nama
×

'ईद करुणा, उदारता और एकता का उत्सव', विपक्षी नेताओं ने ईद-उल-फितर पर दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। ईद-उल-फितर के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने मुबारकबाद दी है।
'ईद करुणा, उदारता और एकता का उत्सव', विपक्षी नेताओं ने ईद-उल-फितर पर दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। ईद-उल-फितर के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने मुबारकबाद दी है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईद-उल-फितर के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "ईद करुणा, उदारता और एकता का उत्सव है। यह हमें हमारी साझा मानवता में निहित शक्ति और हमारे विविध एवं बहुलवादी समाज की सुंदरता की याद दिलाता है। कामना है कि यह शुभ अवसर शांति और समृद्धि लाए, और हम सभी को अपने आस-पास के लोगों के प्रति दया और सेवा भाव रखने के लिए प्रेरित करे।"

इस अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वीडियो संदेश दिया। उन्होंने कहा, "आप सबको ईद मुबारक। आपको और आपके परिवारों को बहुत सारा प्यार।"

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "प्रेम-मोहब्बत, मेल-मिलाप और भाईचारे के त्योहार ईद-उल-फितर की आप सभी को बहुत-बहुत मुबारकबाद। ये त्योहार आप सबके जीवन में ढेर सारी खुशियां लाए। सभी के लिए सुख, समृद्धि और शांति की कामना करती हूं।"

ईद-उल-फितर पर एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार ने पोस्ट किया, "संयम, आस्था और आत्मशुद्धि का संदेश देने वाले पवित्र रमजान महीने का समापन बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। यह पर्व भाईचारे, करुणा और आपसी स्नेह के महत्व को दर्शाता है। समाज में शांति, सौहार्द और परस्पर सम्मान को बढ़ावा देने की प्रेरणा मिलती है। एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना ही मानवता की सच्ची पहचान है। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर हमारे सभी मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं।"

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ईद-उल-फितर की मुबारकबाद देते हुए कहा, "यह त्योहार आप सभी के जीवन में तरक्की, सौहार्द और खुशहाली लेकर आए। आपका जीवन खुशहाल, स्वस्थ और समृद्ध बना रहे।"

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "यूं तो सबके अपने-अपने चंदा हैं, पर ईद का चांद एक है। ईद मुबारक।"

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags