Samachar Nama
×

देशभर में धूमधाम से मनाई गई बकरीद, ईदगाहों में उमड़ी भीड़; फुटेज में देंखे कई राज्यों में हाई अलर्ट और ड्रोन से निगरानी

देशभर में धूमधाम से मनाई गई बकरीद, ईदगाहों में उमड़ी भीड़; फुटेज में देंखे कई राज्यों में हाई अलर्ट और ड्रोन से निगरानी

देशभर में आज ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम धर्मावलंबियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी। देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी इस मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  अपने संदेश में कहा कि बकरीद का पर्व समाज में भाईचारे, करुणा और त्याग की भावना को मजबूत करता है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द की कामना की।

राजस्थान के अजमेर स्थित सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में इस मौके पर विशेष रौनक देखने को मिली। दरगाह का जन्नती दरवाजा श्रद्धालुओं के लिए खोला गया, जहां बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे और देश में सुख-शांति की दुआ मांगी। दरगाह परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।

बकरीद को लेकर देश के कई राज्यों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली समेत कई राज्यों में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मस्जिदों और ईदगाहों पर ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

इसी बीच उत्तराखंड और चंडीगढ़ से कुछ अलग तस्वीरें भी सामने आईं। यहां कई नमाजी मस्जिदों और ईदगाहों में पोस्टर लेकर पहुंचे, जिन पर “गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करें” जैसे संदेश लिखे हुए थे। इन पोस्टरों को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि प्रशासन ने इस पूरे मामले को शांतिपूर्ण बताया और कहा कि कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

बकरीद के मौके पर बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली। कपड़ों, मिठाइयों और खाने-पीने की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। बच्चों में त्योहार को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।देशभर में लोग इस त्योहार को प्रेम, सौहार्द और इंसानियत के संदेश के साथ मना रहे हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Share this story

Tags