मुंबई में गणपति आगमन यात्रा पर फेंके अंडे, दो पक्षों में झड़प; वीडियो में जाने पुलिस ने संभाला मोर्चा
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गणेशोत्सव से पहले गणपति प्रतिमा की आगमन यात्रा के दौरान विवाद हो गया। मझगांव इलाके में गणपति मंडल की ओर से निकाली जा रही यात्रा पर एक इमारत से अंडे फेंके जाने का आरोप है। घटना के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई। इलाके में तनाव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की।
गणपति मंडल के डिप्टी सेक्रेटरी विवेक राणे ने आरोप लगाया कि जब मंडल की ओर से गणपति प्रतिमा की आगमन यात्रा निकाली जा रही थी, तभी पंडाल से करीब 30 से 40 मीटर दूर स्थित एक इमारत से यात्रा पर अंडे फेंके गए। उन्होंने इस घटना को आपत्तिजनक बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।बताया जा रहा है कि अंडे फेंके जाने के बाद यात्रा में शामिल लोगों और दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में झड़प हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया गया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
गणेशोत्सव से पहले सुरक्षा पर जोर
महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर से होगी। मुंबई में गणेशोत्सव को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। शहर में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल बताए जाते हैं, हालांकि इनमें से करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के गणेशोत्सव के लिए अनुमति ली है।पूरे महाराष्ट्र में इस साल करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित किए जाने का अनुमान है। ऐसे में प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी। खासकर मुंबई जैसे महानगर में गणेश विसर्जन और आगमन यात्राओं के दौरान लाखों श्रद्धालु सड़कों पर उतरते हैं।
पंडाल की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम
मुंबई में गणेश मंडलों के लिए पंडाल की अनुमति लेने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन सिंगल-विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। इसके जरिए मंडल ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC के अलावा स्थानीय पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस से जुड़ी NOC भी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकेगी। पंडाल लगाने के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 13 सितंबर निर्धारित की गई है।
अलग-अलग थीम से सजेंगे गणपति पंडाल
इस साल मुंबई के कई बड़े गणेश मंडलों ने आकर्षक और अलग-अलग थीम तैयार की हैं। अंधेरीचा राजा के पंडाल में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति देखने को मिलेगी। वहीं कुछ अन्य गणेश मंडलों ने सुपरहीरो आधारित थीम तैयार की है।गणेशोत्सव से पहले मझगांव में हुई झड़प ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस के सामने अब चुनौती है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी विवाद को समय रहते रोका जाए और इलाके में शांति कायम रखी जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

