एडर मिलिटाओ को सर्जरी की सलाह, फीफा वर्ल्ड कप में खेलने की उम्मीदें खत्म
मैड्रिड, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड के डिफेंडर एडर मिलिटाओ को हैमस्ट्रिंग चोट के लिए सर्जरी कराने की सलाह दी गई है, जिसके चलते वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं।
सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, ब्राजील के इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को मंगलवार को डेपोर्टिवो अलावेस पर रियल मैड्रिड की 2-1 जीत के दौरान चोट लगी थी। मिलिटाओ हेडर के लिए उछलते समय चोटिल हुए थे। शुरुआत में चोट गंभीर नहीं लगी, लेकिन शनिवार को हुई मेडिकल जांच में नुकसान ज्यादा गंभीर पाया गया।
रियल मैड्रिड ने गुरुवार को पुष्टि की है कि क्लब की मेडिकल टीम की तरफ से किए गए टेस्ट में मिलिटाओ के बाएं पैर के बाइसेप्स फेमोरिस में मांसपेशियों की चोट का पता चला है। हालांकि, क्लब ने शुरुआत में कहा था कि उनकी वापसी इस बात पर निर्भर करेगी कि चोट कैसे ठीक होती है, लेकिन शुरुआती अनुमानों के अनुसार ठीक होने में लगभग एक महीने का समय लगने की उम्मीद थी, जिससे वह ला लीगा सीजन के शेष मुकाबलों से बाहर हो जाते, लेकिन इंटरनेशनल मैचों के लिए उनकी दावेदारी बनी रहती।
हालांकि, सर्जरी करवाने के फैसले से उनके ठीक होने का समय काफी बढ़ गया है। अब उम्मीद है कि मिलिटाओ लगभग चार महीने तक खेल से बाहर रहेंगे, जिससे आगामी वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने की उनकी संभावनाएं लगभग खत्म हो गई हैं। अगले सीजन की शुरुआत में उनकी उपलब्धता पर भी असर पड़ सकता है।
इस 28 वर्षीय डिफेंडर को पिछले कुछ सालों में चोटों के कारण काफी मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा है। उन्हें दो बार एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) में चोट लगी है और दिसंबर में हैमस्ट्रिंग की चोट का भी सामना करना पड़ा था, जिसके कारण वह मार्च के अंत में फिट होकर लौटने से पहले लगभग चार महीने तक खेल से बाहर रहे थे।
यह रियल मैड्रिड और ब्राजील दोनों के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि पूरी तरह फिट होने पर मिलिटाओ डिफेंस में एक अहम खिलाड़ी होते हैं। उनकी गैरमौजूदगी से मैड्रिड की डिफेंस लाइन में बदलाव करने पड़ेंगे, क्योंकि वे सीजन के आखिरी दौर में पहुंच रहे हैं, जबकि ब्राजील को इस ग्लोबल टूर्नामेंट से पहले अपने डिफेंस के विकल्पों पर फिर से विचार करना होगा।
--आईएएनएस
आरएसजी

