एडसिल भर्ती 2026 : कंसल्टेंट के 10 पदों पर आवेदन शुरू, 22 मई अंतिम तिथि
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। एजुकेशनल कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (एडसिल) ने उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय के लिए संविदा के आधार पर कंसल्टेंट (लीगल) की नियुक्ति हेतु एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्त 10 पदों पर पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एडसिल (इंडिया) लिमिटेड की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 मई तय की गई है। ऐसे में जो भी इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ एलएलबी डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास विधि क्षेत्र में कम से कम तीन वर्ष का कार्य अनुभव होना भी अनिवार्य है।
वहीं, जिन आवेदकों के पास एलएलएम की डिग्री, अंग्रेजी बोलने और लिखने का अच्छा कौशल, दस्तावेज, प्रस्तुतीकरण, डेटाशीट तैयार करने के लिए कंप्यूटर का अच्छा ज्ञान है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, समूह चर्चा, और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 70,000 रुपए प्रति माह होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले एडसिल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में, आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

