इकोटेक-3 पुलिस की कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 18 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा थाना इकोटेक-3 पुलिस ने अवैध हथियार रखने और लेकर घूमने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 17 अगस्त को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, थाना इकोटेक-3 की टीम खैरपुर गोल चक्कर से ग्राम वैदपुरा की तरफ जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ और तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से अवैध हथियार बरामद होने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन भाटी उर्फ सुच्चा पुत्र ललित कुमार, निवासी ग्राम फिरोजपुर, थाना चोला, जिला बुलंदशहर, उम्र 19 वर्ष, दक्ष सोलंकी उर्फ हिमांशु पुत्र बिट्टू सिंह, निवासी ग्राम दाऊदपुर, थाना चोला, जिला बुलंदशहर, उम्र करीब 21 वर्ष और लक्ष्मण उर्फ सुक्की पुत्र राजेश कुमार, निवासी ग्राम हिरनोटी, थाना ककोड़, जिला बुलंदशहर, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस की बरामदगी के मुताबिक आरोपी सचिन भाटी के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। वहीं आरोपी दक्ष सोलंकी के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा .315 बोर कारतूस मिला। तीसरे आरोपी लक्ष्मण उर्फ सुक्की के कब्जे से भी एक अवैध चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा तीनों के इस्तेमाल में बताई जा रही बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस ने इस मामले में थाना इकोटेक-3 में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनके पास अवैध हथियार कहां से आए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। इसी अभियान के तहत लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

