Samachar Nama
×

DUSU Election 2026: अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर, विजय मीणा और यश डबास के बीच बेहद करीबी मुकाबला

DUSU Election 2026: अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर, विजय मीणा और यश डबास के बीच बेहद करीबी मुकाबला

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ यानी DUSU चुनाव 2026 की काउंटिंग के दौरान अध्यक्ष पद का मुकाबला लगातार रोमांचक बना हुआ है। शुरुआती राउंड में बढ़त कभी ABVP के यश डबास के पास रही तो बाद के राउंड में NSUI के विजय शंकर मीणा ने बढ़त बनाई। 14वें राउंड तक दोनों उम्मीदवारों के बीच अंतर महज 1 वोट रह गया।

शुक्रवार को हुए मतदान में दिल्ली यूनिवर्सिटी के 52 कॉलेजों में वोट डाले गए थे। कुल 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और 1,51,519 छात्रों में से 61,312 छात्रों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

14वें राउंड में सिर्फ 1 वोट का अंतर

अध्यक्ष पद पर 14वें राउंड के बाद NSUI के विजय शंकर मीणा 16,107 वोट के साथ ABVP के यश डबास से सिर्फ 1 वोट आगे बताए गए।

दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले 9वें राउंड में भी दोनों उम्मीदवारों के बीच सिर्फ 1 वोट का अंतर था। यानी काउंटिंग के दौरान अध्यक्ष पद की तस्वीर कई बार बदली और मुकाबला बेहद करीबी बना रहा।

सेक्रेटरी पद पर ABVP की रिया छावड़ी आगे

सेक्रेटरी पद की बात करें तो यहां ABVP की रिया छावड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। 14वें राउंड तक उन्हें 13,737 वोट मिले, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 10,641 वोट मिले।

इस पद पर फिलहाल ABVP उम्मीदवार की बढ़त बनी हुई है।

वाइस प्रेसिडेंट पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन आगे

वाइस प्रेसिडेंट पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने अपनी बढ़त काफी मजबूत कर ली है।

14वें राउंड के बाद शौकीन को 21,247 वोट मिले। उनके मुकाबले ABVP के ईशु मौर्य को 10,920 और NSUI के वीर चतरथ को 4,911 वोट मिले।

जॉइंट सेक्रेटरी पद पर भी मुकाबला करीबी

जॉइंट सेक्रेटरी पद पर NSUI के गोपाल चौधरी 11,222 वोटों के साथ आगे बताए गए हैं।

ABVP के लक्ष्य राज सिंह को 10,589 वोट और निर्दलीय विशेष यादव को 10,405 वोट मिले हैं। इस पद पर भी उम्मीदवारों के बीच ज्यादा बड़ा अंतर नहीं है।

शुरुआत में ABVP को मिली थी बढ़त

DUSU काउंटिंग की शुरुआत ABVP के लिए मजबूत रही थी। पहले राउंड में अध्यक्ष पद पर यश डबास 1,503 वोट के साथ आगे थे, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा को 1,191 वोट मिले थे।

इसके बाद दूसरे और तीसरे राउंड में तस्वीर बदली और विजय मीणा ने अध्यक्ष पद पर बढ़त बना ली। छठे राउंड में फिर ABVP के यश डबास आगे निकल गए थे, लेकिन बाद के राउंड में NSUI ने दोबारा बढ़त हासिल की।

काउंटिंग सेंटर पर कड़ी सुरक्षा

मतगणना दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में की जा रही है। चुनाव के लिए कुल 1,000 EVM की व्यवस्था की गई थी, जिनमें 960 मशीनों का इस्तेमाल मतदान के लिए हुआ था और 40 रिजर्व रखी गई थीं।

काउंटिंग को देखते हुए यूनिवर्सिटी परिसर में 2,000 से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवान तैनात किए गए हैं। प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और सुरक्षा व्यवस्था भी लागू है।

चार प्रमुख पदों के लिए मुकाबला

DUSU चुनाव में चार केंद्रीय पदों—प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी—के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन समेत विभिन्न छात्र संगठनों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।

फिलहाल सबसे ज्यादा नजर प्रेसिडेंट पद पर है, जहां विजय शंकर मीणा और यश डबास के बीच काउंटिंग के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जब तक सभी वोटों की गिनती पूरी नहीं हो जाती, अंतिम नतीजे को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं मानी जा सकती।

Share this story

Tags