Samachar Nama
×

दुष्कर्म मामले में तरुण तेजपाल दोषी करार, प्रदीप भंडारी ने कहा- 'महिलाओं को कांग्रेस जवाब दे'

दुष्कर्म मामले में तरुण तेजपाल दोषी करार, प्रदीप भंडारी ने कहा- 'महिलाओं को कांग्रेस जवाब दे'
दुष्कर्म मामले में तरुण तेजपाल दोषी करार, प्रदीप भंडारी ने कहा- 'महिलाओं को कांग्रेस जवाब दे'

नोएडा, 7 अगस्त (आईएएनएस)। 2013 के दुष्कर्म मामले में तरुण तेजपाल को दोषी ठहराए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जुबानी हमला किया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व हमेशा यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामलों में आरोपी या दोषी ठहराए गए लोगों का समर्थन करता रहा है। उन्होंने इसे महिलाओं के प्रति कांग्रेस की सोच का प्रमाण बताया।

प्रदीप भंडारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि तरुण तेजपाल को दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और अदालत ने उनके खिलाफ आरोपों को सही पाया है। कांग्रेस पार्टी लंबे समय से तरुण तेजपाल का समर्थन करती रही है।

भंडारी ने कहा कि उन्हें याद है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने तरुण तेजपाल को 'सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने वाला सिपाही' बताया था। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने वर्ष 2021 में तरुण तेजपाल को पीड़ित की तरह पेश करने का प्रयास किया था।

भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसा क्यों होता है कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व या उसके वरिष्ठ नेता हमेशा उन लोगों के पक्ष में खड़े दिखाई देते हैं, जिन पर महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न या दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगे हों या जो ऐसे मामलों में दोषी ठहराए गए हों। इससे यह साबित होता है कि कांग्रेस महिलाओं के हितों के प्रति संवेदनशील नहीं है।

भंडारी ने दावा किया कि तरुण तेजपाल, राहुल गांधी और सोनिया गांधी के समर्थक रहे हैं। उन्होंने कहा कि तरुण तेजपाल ने राहुल गांधी के समर्थन में सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा था। अब जब तरुण तेजपाल को अदालत ने दोषी ठहराया है, तो कांग्रेस नेतृत्व इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर महिलाओं के सम्मान को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों का समर्थन करने की रही है।

प्रदीप भंडारी ने आगे कहा कि तरुण तेजपाल की दोषसिद्धि और कांग्रेस नेताओं द्वारा अतीत में उनके समर्थन से यह स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों का साथ देती है। उन्होंने कांग्रेस को महिला विरोधी पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी को इस मुद्दे पर देश की महिलाओं को जवाब देना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

Share this story