असम में पार्टी के दौरान दो IPS अफसरों में मारपीट, फुटेज में देंखे SSP अक्षत गर्ग को आईं चोटें
असम के कोकराझार में एक पार्टी के दौरान दो वरिष्ठ IPS अधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस घटना में कोकराझार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अक्षत गर्ग को कई चोटें आई हैं। विवाद में शामिल दूसरे अधिकारी DIG वाईटी गेत्सु बताए जा रहे हैं। दोनों अधिकारियों के बीच झगड़े की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, यह पार्टी सराईखोला स्थित 7वीं असम पुलिस बटालियन के परिसर में आयोजित की गई थी। पार्टी का आयोजन SSP अक्षत गर्ग की ओर से किया गया था। इसमें DIG वाईटी गेत्सु भी शामिल हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने गंभीर रूप ले लिया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई।घटना किस दिन हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि विवाद किस मुद्दे पर शुरू हुआ था। फिलहाल SSP अक्षत गर्ग को लगी चोटों की गंभीरता और उनके इलाज से जुड़ी जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री ने DGP को सौंपी विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी
मामले की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम के पुलिस महानिदेशक (DGP) को दोनों अधिकारियों के बीच विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी दी है। इसके बाद DGP ने वरिष्ठ IPS अधिकारी सुरेंद्र कुमार को हस्तक्षेप करने और दोनों अफसरों के बीच पैदा हुए विवाद को खत्म कराने के लिए कहा है।हालांकि, असम पुलिस मुख्यालय की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस विभाग ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मारपीट के मामले में किसी तरह की जांच या विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी या नहीं।
पुलिसकर्मियों को अनुशासन का पाठ पढ़ा रहे थे मुख्यमंत्री
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा डेरगांव स्थित लाचित बोरफुकन पुलिस अकादमी में नए भर्ती पुलिसकर्मियों की पासिंग आउट परेड को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करने की सलाह दी।मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ गाली-गलौज और अनुचित भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की। उन्होंने पुलिस सेवा में व्यवहार, संयम और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।
ऐसे में दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बीच पार्टी में हुई कथित मारपीट की घटना ने असम पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस मुख्यालय इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोनों अधिकारियों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

