मई 2022 से मई 2026 तक दुनिया में बढ़े पेट्रोल के दाम, भारत में 3.1 प्रतिशत घटे: हरदीप सिंह पुरी
लुधियाना, 13 जून (आईएएनएस)। पंजाब के लुधियाना में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, कल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की राजनीतिक स्थिति पर बात रखी। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद भारत में पेट्रोल की कीमतों में कमी आई है।
हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि मई 2022 से मई 2026 के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतों में 70 प्रतिशत, श्रीलंका में 66 प्रतिशत, फ्रांस में 47 प्रतिशत, इटली में 46 प्रतिशत, बांग्लादेश में 36 प्रतिशत और अमेरिका में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके विपरीत भारत में इसी अवधि के दौरान पेट्रोल की कीमतों में 3.1 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। जब दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतें 70 से 80 प्रतिशत तक बढ़ रही थीं, तब भारत में कीमतों को नियंत्रित रखना प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमत कई कारकों से तय होती है। इसमें कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत, बीमा और माल ढुलाई का खर्च, रिफाइनरी में प्रसंस्करण लागत, रिफाइनरों का मार्जिन, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकारों द्वारा लगाया जाने वाला वैट शामिल होता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए पुरी ने कहा कि हाल ही में पीएम मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं और उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों का मूल्यांकन करने का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के केंद्र में आम नागरिकों के प्रति प्रतिबद्धता और भावनात्मक जुड़ाव है। सरकार की सभी योजनाओं में यही सोच दिखाई देती है और आने वाले समय में विकास की गति ज्यादा तेज होगी। उन्होंने कहा, "द बेस्ट इज येट टू कम," यानी अभी और बेहतर समय आना बाकी है।
स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि वर्ष 2014 में शुरू हुए इस अभियान के तहत देशभर में 11 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए। इसका सबसे बड़ा लाभ बेटियों और महिलाओं को मिला, क्योंकि घरों में शौचालय बनने से उनकी गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 4 करोड़ किफायती घर बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने 3 करोड़ और घर बनाने की घोषणा की है। खास बात यह है कि इन घरों का स्वामित्व बड़ी संख्या में महिलाओं और बेटियों के नाम पर दिया गया है।
राजनीतिक सवालों पर हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर कोई सोचता है कि वे गठबंधन करके जूनियर पार्टनर की भूमिका निभा सकते हैं तो यह मंजूर नहीं होगा।"
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की परिस्थितियों के पीछे एक लंबा इतिहास है और समय के साथ पूरी तस्वीर सामने आती रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों के दौरान भी उन्हें बंगाल में जिम्मेदारी सौंपी गई थी और उन्होंने वहां की स्थिति को करीब से देखा है।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी

