Samachar Nama
×

दुमका: व्यवहार न्यायालय परिसर से निकली प्रभात फेरी, जन-जन तक विधिक सहायता पहुंचाने का दिया संदेश

दुमका, 6 मई (आईएएनएस)। आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दुमका जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बुधवार को दुमका व्यवहार न्यायालय परिसर से जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि और डालसा सचिव विवेक कुमार ने किया।

प्रभात फेरी के माध्यम से न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ बनाने का संकल्प दोहराया गया। न्यायालय परिसर से शुरू हुई यह प्रभात फेरी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसमें न्यायिक अधिकारियों के अलावा व्यवहार न्यायालय के कर्मियों, पारा लीगल वालंटियर्स, अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने आम जनता को उनके कानूनी अधिकारों और मुफ्त विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही कमजोर या साधनहीन क्यों न हो, न्याय और कानूनी अधिकारों से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि प्राधिकार जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक परामर्श और वकील उपलब्ध कराता है ताकि लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग हों और समय पर न्याय प्राप्त कर सकें। डालसा सचिव विवेक कुमार ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य न्याय व्यवस्था के प्रति आम लोगों का विश्वास मजबूत करना है।

उन्होंने पीएलवी को निर्देश दिया कि वे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को प्राधिकार की योजनाओं की जानकारी दें। कार्यक्रम के दौरान पीएलवी और अधिवक्ताओं ने लोगों को न्याय तक आसान पहुंच के विभिन्न माध्यमों के बारे में विस्तार से समझाया। शहर भ्रमण के बाद प्रभात फेरी वापस न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस आयोजन से स्थानीय लोगों में कानूनी जागरूकता को लेकर सकारात्मक उत्साह देखा गया।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

Share this story

Tags